पटना में आयोजित रोजगार मेले में 447 अभ्यर्थियों को प्राप्त हुए नियुक्ति पत्र

WhatsApp Channel Join Now
पटना में आयोजित रोजगार मेले में 447 अभ्यर्थियों को प्राप्त हुए नियुक्ति पत्र


पटना में आयोजित रोजगार मेले में 447 अभ्यर्थियों को प्राप्त हुए नियुक्ति पत्र


पटना में आयोजित रोजगार मेले में 447 अभ्यर्थियों को प्राप्त हुए नियुक्ति पत्र


पटना में आयोजित रोजगार मेले में 447 अभ्यर्थियों को प्राप्त हुए नियुक्ति पत्र


पटना, 24 जनवरी (हि.स.)। पटना के शास्त्री नगर स्थित ऊर्जा ऑडिटोरियम में शुक्रवार को रोजगार मेले का आयोजन किया गया, जिसमें भारत सरकार के 11 विभिन्न विभागों में चयनित 447 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। यह रोजगार मेला देशभर में पटना सहित 45 स्थानों पर एक साथ आयोजित किया गया, जिसका शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया।

इस अवसर पर देश के युवाओं को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि वर्ष 2026 भारत के लिए एक नए युग की शुरुआत का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि बसंत पंचमी के बाद का यह समय चयनित अभ्यर्थियों के जीवन में भी नए वसंत के आगमन का संकेत देता है।

प्रधानमंत्री ने नियुक्ति पत्रों को केवल औपचारिक दस्तावेज नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की यात्रा का संकल्प पत्र बताया। उन्होंने कहा कि ये नियुक्ति पत्र युवाओं के आत्मविश्वास और देश के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि युवाओं को कौशल से जोड़ना तथा उन्हें रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना भारत सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी उद्देश्य से सरकारी भर्तियों को मिशन मोड में संचालित करने के लिए रोजगार मेले की शुरुआत की गई है, जिससे पारदर्शी, समयबद्ध और व्यापक भर्ती प्रक्रिया सुनिश्चित हो सके।

प्रधानमंत्री ने यह भी बताया कि केंद्र सरकार द्वारा किए जा रहे वैश्विक व्यापार समझौते भारत की युवा शक्ति को देश और दुनिया में नए अवसरों से जोड़ रहे हैं। साथ ही आधुनिक आधारभूत संरचना में किए जा रहे बड़े पैमाने के निवेश से निर्माण सहित अनेक क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर सृजित हो रहे हैं।

अपने संबोधन के अंत में प्रधानमंत्री ने “नागरिक देवो भव:” मंत्र का उल्लेख करते हुए चयनित अभ्यर्थियों से ईमानदारी, निष्ठा और सेवा भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया तथा वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को दोहराया।

पटना में आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय पंचायती राज तथा मत्स्य पालन, पशुपालन एवं डेयरी मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने चयनित अभ्यर्थियों को अपने हाथों से नियुक्ति पत्र प्रदान किए। नियुक्ति पत्र वितरण के पश्चात उन्होंने चयनित कार्मिकों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय एवं जिम्मेदार भूमिका निभाने का आह्वान किया।

इस रोजगार मेले में भारत सरकार के केंद्रीय सुरक्षा बलों सहित विभिन्न विभागों में चयनित अभ्यर्थियों ने नियुक्ति पत्र ग्रहण किए। रोजगार सृजन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की प्रधानमंत्री की प्रतिबद्धता के अनुरूप यह रोजगार मेला एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में सामने आया है। अबतक देशभर में आयोजित रोजगार मेलों के माध्यम से 11 लाख से अधिक नियुक्ति पत्र जारी किए जा चुके हैं।

इस अवसर पर निशीत कुमार उज्ज्वल (भा.पु.से), महानिरीक्षक, सशस्त्र सीमा बल, सीमांत पटना; रुडोल्फ अल्वारेस (भा.पु.से), उप-महानिरीक्षक; के. रंजीत, उप-महानिरीक्षक तथा एच. जितेन सिंह, उप-महानिरीक्षक, सशस्त्र सीमा बल, सीमांत पटना सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं अन्य विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे।

यह कार्यक्रम सशस्त्र सीमा बल, सीमांत मुख्यालय पटना की देखरेख में संपन्न हुआ।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त

Share this story