नितिन नबीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर सम्राट चौधरी ने दी बधाई, कहा- युवा नेतृत्व से भाजपा को मिलेगी नई दिशा

WhatsApp Channel Join Now
नितिन नबीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर सम्राट चौधरी ने दी बधाई, कहा- युवा नेतृत्व से भाजपा को मिलेगी नई दिशा


पटना, 20 जनवरी (हि.स.)। बिहार के उपमुख्यमंत्री एवं राज्य के गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष बने नितिन नबीन को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने पार्टी अध्यक्ष के सफल कार्यकाल और उज्जवल भविष्य की कामना भी की।

सम्राट चौधरी ने मंगलवार को नई दिल्ली में नितिन नबीन से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात की और उन्हें भाजपा अध्यक्ष बनने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी। मुलाकात के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने इसे भाजपा में ‘नवीन युग’ की शुरुआत करार दिया।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि नितिन नबीन की संगठन के प्रति गहरी समझ, युवा ऊर्जा और सभी को साथ लेकर चलने की क्षमता पार्टी को नई गति प्रदान करेगी। उन्होंने बताया कि बिहार के एक युवा नेता को राष्ट्रीय स्तर पर इतनी बड़ी जिम्मेदारी देना नितिन नवीन की व्यक्तिगत क्षमता और जनता के विश्वास का सम्मान है।

सम्राट चौधरी ने कहा कि भाजपा ने युवा नेतृत्व को कमान सौंपकर स्पष्ट संदेश दिया है कि पार्टी को युवा ऊर्जा और नेतृत्व क्षमता पर भरोसा है। उन्होंने कहा कि नितिन नबीन पार्टी को नई दिशा और नई ऊर्जा देंगे।

सम्राट चौधरी ने कहा कि नितिन नबीन के नेतृत्व में भाजपा आगामी चुनावों में मजबूती से लड़ेगी। उन्होंने बताया कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में पार्टी उनकी अगुवाई में जनविरोधी सरकार को चुनौती देगी और असम में भाजपा फिर से सरकार बनाने में सफल होगी।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी

Share this story