राघोपुर दियारा नाव हादसा : केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने पीड़ित परिवारों से मिलकर जताई संवेदना, मुआवजे की घोषणा
पटना, 14 अक्टूबर (हि.स.)। राघोपुर दियारा में हुए नाव हादसे में मासूम बच्चों समेत 13 लोगों की मौत पर केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने शोक व्यक्त किया। उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और इस दुख की घड़ी में हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।
नित्यानंद राय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की पूरी संवेदना पीड़ित परिवारों के साथ है। केंद्र और राज्य सरकार इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों की हरसंभव मदद के लिए तत्पर हैं।
हादसे में 13 मृतकों और सात घायलों के लिए घोषित मुआवजे का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिजन को दो लाख रुपये और घायल को 50 हजार रुपये दिए जाएंगे। वहीं, मुख्यमंत्री राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिवार को चार लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की गई है।
हादसे के बाद नावों की सुरक्षा को लेकर भी नित्यानंद राय ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने वैशाली के जिलाधिकारी को निर्देश दिया कि टूटी, खराब या क्षतिग्रस्त नावों की मरम्मत सुनिश्चित करने के बाद ही उनका नदी में परिचालन कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि नावों के संचालन में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने बिहार सरकार के आपदा प्रबंधन मंत्री रत्नेश सदा से भी इस मामले में बात की। उन्होंने जर्जर और क्षतिग्रस्त नावों के परिचालन पर रोक लगाने तथा मरम्मत के बाद या सुरक्षित नावों के माध्यम से ही नदी में परिचालन सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
मंत्री ने कहा कि नदी में चलने वाली हर नाव पर सवार लोगों की सुरक्षा के साथ उनके परिवारों की उम्मीदें भी जुड़ी होती हैं। ऐसे में नावों की सुरक्षा और परिचालन संबंधी नियमों का सख्ती से पालन किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि मासूम बच्चों समेत अन्य लोगों की मौत अत्यंत हृदयविदारक है। इस अपूरणीय क्षति की भरपाई संभव नहीं है, लेकिन दुख की इस घड़ी में सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। उन्होंने प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता सहित हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने का भरोसा भी दिलाया।--------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त

