राम नवमी पर पटना शहर 51 झांकियों-52 शोभायात्राओं से भगवान राम की भक्ति में होगा सराबोर : नितिन नवीन

WhatsApp Channel Join Now
राम नवमी पर पटना शहर 51 झांकियों-52 शोभायात्राओं से भगवान राम की भक्ति में होगा सराबोर : नितिन नवीन


-दो लाख महावीरी झंडे और एक लाख विक्रम संवत कैलेंडर वितरित किए जाएंगे

पटना, 16 मार्च (हि.स.)। बिहार की राजधानी पटना इस वर्ष श्रीराम चौक और डाकबंगला क्षेत्र में भव्य तरीके से रामनवमी मनाने की तैयारी में है। शहर के विभिन्न इलाकों से कुल 52 भव्य शोभायात्राएं निकाली जाएंगी, जो पूरे पटना को राममय कर देंगी। इसके साथ ही लोगों के घरों तक दो लाख महावीरी झंडे पहुंचाए जाएंगे और शहर की विशेष सजावट भी की जाएगी।

राज्यसभा चुनाव को लेकर सोमवार को दिल्ली से पटना पहुंचे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं श्रीरामनवमी शोभायात्रा अभिनंदन समिति के संयोजक नितिन नवीन ने पत्रकार वार्ता में यह जानकारी दी। उनके साथ समिति के अध्यक्ष जगजीवन सिंह ‘बब्लू’ और अन्य सदस्य भी मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि 27 मार्च को आयोजित होने वाली रामनवमी शोभायात्रा की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

नितिन नवीन ने कहा कि रामनवमी सनातन आस्था का प्रमुख पर्व है और यह भगवान श्रीराम के प्राकट्य का उत्सव है। हर वर्ष की तरह इस बार भी राजधानी पटना में भव्य आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पटना के विभिन्न मोहल्लों से निकलने वाली 51 आकर्षक झांकियां इस शोभायात्रा का हिस्सा होंगी। ये झांकियां दीघा से ट्रांसपोर्ट नगर और सिपारा से गायघाट तक के अलग-अलग क्षेत्रों की पूजा समितियों द्वारा निकाली जाएंगी।

शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर राम ध्वज लगाए जा रहे हैं और सनातन धर्मावलंबियों से अपने घरों पर भी राम ध्वज लगाने की अपील की गई है। समिति की ओर से करीब दो लाख महावीरी झंडे और एक लाख विक्रम संवत कैलेंडर लोगों तक वितरित किए जाएंगे।

इस भव्य आयोजन के माध्यम से भगवान श्रीराम के जीवन चरित्र और आदर्शों को आम जनता तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी

Share this story