राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनने की इतनी इच्छा है तो बांग्लादेश जाकर आजमाएं किस्मत : हिमंत बिस्वा सरमा

WhatsApp Channel Join Now
राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनने की इतनी इच्छा है तो बांग्लादेश जाकर आजमाएं किस्मत : हिमंत बिस्वा सरमा


राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनने की इतनी इच्छा है तो बांग्लादेश जाकर आजमाएं किस्मत : हिमंत बिस्वा सरमा


राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनने की इतनी इच्छा है तो बांग्लादेश जाकर आजमाएं किस्मत : हिमंत बिस्वा सरमा


पूर्णिया, 04 नवंबर (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने रविवार को पूर्णिया में कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर कटाक्ष किया। भारतीय जनता पार्टी की प्रमंडल स्तरीय ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा से पहले रजनी चौक पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को बिहार, दिल्ली, असम और उत्तर प्रदेश में चुनावी सफलता नहीं मिल रही है।

सरमा ने तंज कसते हुए कहा कि यदि राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनने की इतनी ही इच्छा है तो उन्हें बांग्लादेश जाकर अपनी किस्मत आजमानी चाहिए। उन्होंने व्यंग्यात्मक लहजे में राहुल गांधी को पैराशूट से बांग्लादेश में उतारने की बात भी कही।

वोट चोरी के आरोपों पर कांग्रेस को घेरते हुए असम के मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी भी इसी चुनावी व्यवस्था के तहत जीतकर संसद पहुंचे हैं। यदि विपक्ष को चुनाव प्रक्रिया में बेईमानी का संदेह है तो उसके निर्वाचित प्रतिनिधियों को इस्तीफा देकर दोबारा चुनाव लड़ना चाहिए।

उन्होंने क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर के 100 अंतरराष्ट्रीय शतकों का उदाहरण देते हुए राहुल गांधी की चुनावी पराजयों पर भी कटाक्ष किया। साथ ही उन्हें अयोध्या जाकर भगवान श्रीराम के दर्शन करने की सलाह दी।

मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का समर्थन करते हुए सरमा ने अवैध बांग्लादेशी घुसपैठियों के नाम मतदाता सूची से हटाने की वकालत की। उन्होंने अकबर और बाबर का उल्लेख करते हुए भारत विरोधी मानसिकता पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जो लोग भारत को नहीं मानते, उन्हें यहां की चुनावी व्यवस्था का लाभ क्यों मिलना चाहिए। मुख्यमंत्री ने मृत मतदाताओं, दोहरी प्रविष्टियों और अपात्र व्यक्तियों के नाम मतदाता सूची से हटाने का समर्थन किया।

जनसभा के बाद हिमंत बिस्वा सरमा के नेतृत्व में रजनी चौक से विशाल पदयात्रा निकाली गई। यह यात्रा लखन चौक, झंडा चौक और कालीबाड़ी चौक होते हुए आरएन साव चौक पहुंचकर समाप्त हुई। इसमें पूर्णिया, कटिहार, अररिया और किशनगंज से आए हजारों भाजपा कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने हिस्सा लिया।

कार्यक्रम में बिहार सरकार के मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल, रत्नेश सदा, विधायक विजय खेमका, कृष्ण कुमार ऋषि और कलाधर मंडल समेत कई नेता मौजूद रहे। मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए पूरे यात्रा मार्ग पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे।------------

हिन्दुस्थान समाचार / नंदकिशोर सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

772373 Articles

Share this story