लोकतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं पर हमलवार इंडी गठबंधन अराजकता का पोषक: अनुराग ठाकुर

WhatsApp Channel Join Now
लोकतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं पर हमलवार इंडी गठबंधन अराजकता का पोषक: अनुराग ठाकुर


लोकतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं पर हमलवार इंडी गठबंधन अराजकता का पोषक: अनुराग ठाकुर


पटना, 28 नवंबर (हि.स.)। पूर्व केंद्रीय मंत्री और हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने शनिवार को बिहार के आरा में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रव्यापी अभियान ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत आयोजित पदयात्रा में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और विपक्षी दलों को आड़े हाथों लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस चुनावी पराजय स्वीकार करने के बजाय लगातार संवैधानिक संस्थाओं और चुनावी प्रक्रियाओं पर सवाल उठाकर देश में भ्रम और अविश्वास का माहौल पैदा करने का प्रयास कर रही है।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया के बाद बिहार और केरल सहित विभिन्न राज्यों में चुनाव हुए हैं। यदि कांग्रेस ईवीएम और चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठा रही है तो उसे यह भी स्पष्ट करना चाहिए कि जिन राज्यों में कांग्रेस की सरकारें हैं, वहां के मुख्यमंत्री चुनाव परिणामों को लेकर क्या रुख अपनाएंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस विदेशी ताकतों के हाथों में खेलकर भारत की लोकतांत्रिक और राष्ट्रीय संस्थाओं को कमजोर करने का प्रयास कर रही है।

भाजपा सांसद ने कहा कि एसआईआर का उद्देश्य किसी भी पात्र नागरिक का मताधिकार छीनना नहीं, बल्कि मतदाता सूचियों को शुद्ध, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाना है। विपक्ष की ओर से इसे वोट चोरी बताना तथ्यों से परे है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, यह वोट चोरी नहीं, बल्कि चोरों को वोट मिलना बंद हो गया है।

अनुराग ठाकुर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल करीब 13 करोड़ मतदाताओं के नाम हटाए जाने का मुद्दा उठाकर भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में मृत व्यक्तियों, स्थायी रूप से निवास बदल चुके लोगों, अनुपस्थित मतदाताओं और एक से अधिक स्थानों पर दर्ज नामों का सत्यापन निर्वाचन प्रक्रिया का आवश्यक हिस्सा है।

उन्होंने निर्वाचन आयोग के आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि एसआईआर के तीन चरणों में लगभग 95.40 करोड़ मतदाताओं के रिकॉर्ड की समीक्षा की गई। इनमें 13.39 करोड़ मतदाताओं को एएसडीडी और अन्य श्रेणियों में चिह्नित किया गया। उन्होंने सवाल किया कि यदि किसी व्यक्ति का निधन हो चुका है, कोई स्थायी रूप से अपना निवास बदल चुका है या एक ही व्यक्ति का नाम कई स्थानों पर दर्ज है तो ऐसी प्रविष्टियों को मतदाता सूची में बनाए रखने का क्या औचित्य है?

राहुल गांधी की राजनीति पर निशाना साधते हुए अनुराग ठाकुर ने विदेशी धन, विदेशी मित्रों और विदेशी ताकतों के सहारे देश में राजनीतिक भ्रम फैलाने का आरोप लगाया। भारत की अर्थव्यवस्था को लेकर राहुल गांधी की टिप्पणी पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि भारतीय अर्थव्यवस्था को ‘डेड इकोनॉमी’ बताना देश की आर्थिक उपलब्धियों को नजरअंदाज करने जैसा है।

भाजपा सांसद ने कहा कि भारत दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में सबसे तेजी से आगे बढ़ रहा है। आज पूरी दुनिया भारत से उम्मीदें लगाए हुए है। देश लगातार आर्थिक रूप से मजबूत हो रहा है और वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान स्थापित कर रहा है। ऐसे में भारतीय अर्थव्यवस्था को लेकर नकारात्मक टिप्पणी करना उचित नहीं है।

अनुराग ठाकुर ने महिला आरक्षण के मुद्दे पर भी विपक्षी दलों को घेरा। उन्होंने कहा कि इंडी गठबंधन में परिवार की महिलाओं को राजनीति में अवसर दिए जाते हैं, लेकिन जब देश की आम महिलाओं को अधिकार और प्रतिनिधित्व देने की बात आती है तो विपक्ष अलग-अलग बहाने बनाने लगता है। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण के मुद्दे को भटकाने के बजाय महिलाओं को उनका अधिकार और उचित प्रतिनिधित्व देने पर ध्यान देना चाहिए।

कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस में उनकी स्थिति सभी ने देखी है। वहीं, बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए ठाकुर ने कहा कि जो अपनी बहन को उसका हक नहीं दिला पाए, वे देश की अन्य बहन-बेटियों के अधिकारों की बात कैसे करेंगे?---------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784740 Articles

Share this story