कोलकाता के दमदम एयरपोर्ट पर मिला धमकी भरा पर्चा, छानबीन में नहीं मिली कोई संदिग्ध वस्तु

WhatsApp Channel Join Now
कोलकाता के दमदम एयरपोर्ट पर मिला धमकी भरा पर्चा, छानबीन में नहीं मिली कोई संदिग्ध वस्तु


कोलकाता, 23 अक्टूबर (हि.स.)। कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय (दमदम) हवाई अड्डे पर शुक्रवार को उस समय भारी दहशत फैल गई, जब परिसर में बम रखे होने की धमकी वाला पर्चा बरामद हुआ। सफाई कर्मचारियों को शौचालय के पास से यह संदिग्ध पर्चा मिला जिसमें एक प्रवेश द्वार का उल्लेख कर दावा किया गया कि वहां बम रखा है। दुर्गा पूजा की छुट्टियों के बाद हवाई अड्डे पर आम दिनों की तुलना में यात्रियों की भारी भीड़ है।

धमकी भरा पर्चा मिलने की सूचना मिलते ही हवाई अड्डे की सुरक्षा में तैनात केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ), स्थानीय पुलिस और बम निरोधक दस्ता (बम स्क्वॉड) तुरंत मौके पर पहुंच गए। सुरक्षा बलों ने एहतियात के तौर पर संबंधित प्रवेश द्वार को तुरंत खाली करा लिया और बम निरोधक दस्ते की मदद से सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया। हवाई अड्डे के अन्य हिस्सों में भी कड़ी चेकिंग की जा रही है। हालांकि, व्यापक तलाशी के बावजूद अभी तक कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है।

पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां इस मामले की गहनता से जांच कर रही हैं। पुलिस उन सफाई कर्मचारियों से पूछताछ कर रही है, जिन्होंने सबसे पहले इस पर्चे को देखा था। इसके अलावा, शौचालय के आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है ताकि यह पता लगाया जा सके कि घटना से पहले या बाद में वहां कौन-कौन मौजूद था या किसने शौचालय का इस्तेमाल किया था। घटना के बाद पूरे हवाई अड्डा परिसर की सुरक्षा व्यवस्था और अधिक चाक-चौबंद कर दी गई है। राहत की बात यह है कि इस घटना के कारण हवाई सेवाओं पर अब तक कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ा है और उड़ानें सामान्य रूप से संचालित हो रही हैं।

दमदम हवाई अड्डे पर बम की धमकी का यह हालिया दिनों में दूसरा मामला है। इससे पहले 8 अक्टूबर को भी हवाई अड्डा अधिकारियों को एक ईमेल के जरिए बम विस्फोट की धमकी मिली थी। उस ईमेल में दावा किया गया था कि हवाई अड्डे के अंदर बम रखा हुआ है और किसी भी क्षण विस्फोट हो सकता है। उस समय भी धमकी मिलने के तुरंत बाद परिसर को खाली कराकर सघन तलाशी अभियान चलाया गया था लेकिन कोई बम या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765438 Articles

Share this story