हरियाणा के रोहतक में मिलन ढाबे पर चार युवकों की गोली मारकर हत्या

WhatsApp Channel Join Now


रोहतक (हरियाणा), 26 नवंबर (हि.स.)। रोहतक के खरावड़ गांव के पास मिलन ढाबे पर देररात चार युवकों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। खरावड़ पुलिस चौकी के पास हुए इस हत्याकांड को गैंगवार का नतीजा बताया जा रहा है। पुलिस महानिरीक्षक हामिद अख्तर, पुलिस अधीक्षक गौरव राजपुरोहित ने घटनास्थल का दौराकर हालात का जायजा लिया। सीआईए, स्पेशल सेल और एफएसएल की टीमें जांच कर रही हैं।

पुलिस के अनुसार, चारों युवक मिलन ढाबे पर खाना खा रहे थे, तभी उन्हें गोली मार दी गई। मृतकों में तीन युवक झज्जर जिले के गांव डीघल और चौथा युवक बेरी क्षेत्र का रहने वाला है। हत्याकांड को भाऊ और सन्नी रिटोलिया के बीच चल रहे गैंगवार से जोड़कर देखा जा रहा है। पिछले दिनों डीघल में हुई एक युवक की हत्या से भी इस वारदात के तार जुड़े होने की आशंका है।

बड़ी संख्या में ग्रामीण रोहतक पीजीआई पहुंचे हैं। पीजीआई परिसर में पुलिस बल तैनात किया गया है। चारों शव पीजीआई पहुंचाए गए हैं। खरावड़ पुलिस चौकी के नजदीक चार युवकों की हत्या ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783283 Articles

Share this story