युवा मोर्चा की ‘सेवा संकल्प यात्रा’ मध्य प्रदेश और राजस्थान पहुंची, राज्यों में दे रही सेवा और जनभागीदारी का संदेश

WhatsApp Channel Join Now
युवा मोर्चा की ‘सेवा संकल्प यात्रा’ मध्य प्रदेश और राजस्थान पहुंची, राज्यों में दे रही सेवा और जनभागीदारी का संदेश


नई दिल्ली, 20 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्षों की जनसेवा पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के नेतृत्व में 17 सितंबर को वडनगर और वाराणसी से शुरू हुई ‘सेवा संकल्प यात्रा’ चौथे दिन रविवार को मध्य प्रदेश और राजस्थान में प्रवेश कर गई। यात्रा के जरिए देशभर में सेवा, सामाजिक जिम्मेदारी और जनभागीदारी का संदेश दिया जा रहा है।

मोर्चा द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार 17 सितंबर को ध्वजारोहण के साथ शुरू हुई यात्रा उत्तर प्रदेश और गुजरात के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए मध्य प्रदेश और राजस्थान पहुंची। इस दौरान अलग-अलग पड़ावों पर हजारों कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने सेवा गतिविधियों में हिस्सा लिया।

यात्रा का उद्देश्य केवल विभिन्न स्थानों तक पहुंचना नहीं, बल्कि ‘सेवा संकल्प’ की भावना को जन-जन तक पहुंचाना है। यात्रा के दौरान मोर्चा कार्यकर्ता स्थानीय लोगों से संवाद कर उनकी जरूरतों को समझ रहे हैं और स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप सेवा गतिविधियां संचालित कर रहे हैं।

जनप्रतिनिधि भी बने ‘सेवा यात्री’

यात्रा में जनप्रतिनिधियों और सार्वजनिक जीवन से जुड़े लोगों की भी सहभागिता हो रही है। गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने ‘सेवा यात्री’ के रूप में यात्रा में हिस्सा लिया और खेड़ा जिले के कनीज में ग्रामीणों से संवाद किया। भाजपा सांसद एवं सभी प्रकोष्ठों के राष्ट्रीय प्रभारी वी.डी. शर्मा ने भी यात्रा के एक मार्ग में शामिल होकर सेवा गतिविधियों में भाग लिया।

उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, लोकसभा सांसद राजमणि कोल, गुजरात सरकार के मंत्री कमलेश पटेल और रिवाबा जडेजा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी विभिन्न सेवा कार्यक्रमों में सहभागिता की।

सेवा संकल्प यात्रा के विभिन्न मार्गों पर स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, पर्यावरण जागरूकता, भजन एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम, जन चौपाल और जन संवाद आयोजित किए जा रहे हैं। इसके अलावा कार्यकर्ता वृद्धाश्रमों में पहुंचकर वरिष्ठ नागरिकों से मुलाकात और उनकी सेवा भी कर रहे हैं।

युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हेमंग जोशी ने कहा कि सेवा संकल्प यात्रा केवल देश की लंबाई-चौड़ाई तय करने वाली यात्रा नहीं, बल्कि संकल्प, संवेदना और सामूहिक जिम्मेदारी की यात्रा है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता गांवों और समुदायों के बीच पहुंचकर सेवा गतिविधियों को जमीन पर उतार रहे हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन की 25 वर्षों की यात्रा से प्रेरणा लेते हुए मोर्चा युवाओं को सेवा को जीवन का संस्कार बनाने और मजबूत, संवेदनशील एवं विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Share this story