भाजयुमो की राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक में विकसित भारत-2047 और लोकतंत्र बचाओ अभियान पर मंथन

WhatsApp Channel Join Now
भाजयुमो की राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक में विकसित भारत-2047 और लोकतंत्र बचाओ अभियान पर मंथन


भाजयुमो की राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक में विकसित भारत-2047 और लोकतंत्र बचाओ अभियान पर मंथन


नई दिल्ली, 29 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की पहली बैठक गुरुवार को नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय विस्तार में आयोजित हुई। बैठक में वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण की कार्ययोजना और ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने युवा कार्यकर्ताओं से विपक्ष के भ्रामक प्रचार का हर स्तर पर जवाब देने और आगामी चुनावों के लिए संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।

बैठक में केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री मनसुख मंडाविया, भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. हेमांग जोशी, भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी और देशभर से आए युवा मोर्चा के पदाधिकारी शामिल हुए।

विकसित भारत का संकल्प युवाओं के कंधों पर

इस मौके पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने नई टीम को बधाई देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की विचारधारा और जनकल्याणकारी नीतियां देश के गांवों, कस्बों और चौपालों तक पहुंची हैं। उन्होंने कहा कि आज भाजपा को वोट नहीं देने वाले लोग भी मानते हैं कि देश को सही दिशा देने में प्रधानमंत्री मोदी की महत्वपूर्ण भूमिका है।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण का लक्ष्य हासिल करने में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होगी।

नितिन नवीन ने विपक्षी गठबंधन पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि ‘इंडी गठबंधन’ और अराजक तत्व देश की प्रगति में बाधा डालने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष चुनावी लाभ के लिए संविधान और आरक्षण के नाम पर फर्जी वीडियो तथा भ्रामक प्रचार का सहारा ले रहा है। युवा मोर्चा सड़क, सदन और सोशल मीडिया पर ऐसे प्रचार का जवाब देगा।

मेडिकल शिक्षा में सुधार का किया उल्लेख

नितिन नवीन ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों के दौरान मेडिकल प्रवेश व्यवस्था में माफिया का प्रभाव था, जबकि मोदी सरकार ने पारदर्शिता बढ़ाने के लिए व्यापक सुधार किए हैं। उन्होंने मेडिकल शिक्षा के विस्तार का उल्लेख करते हुए कहा कि पहले की तुलना में आज अधिक युवाओं को चिकित्सा शिक्षा प्राप्त करने के अवसर मिल रहे हैं।

उन्होंने युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं से कानून, चिकित्सा, इंजीनियरिंग, खेल और शोध जैसे क्षेत्रों के पेशेवरों को पार्टी से जोड़ने पर भी जोर दिया।

राजनीति में मेहनत और बेदाग छवि जरूरी

युवा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि राजनीति में सफलता के लिए शॉर्टकट या किस्मत के भरोसे नहीं रहा जा सकता। राजनीति एक लंबी यात्रा है, जिसमें निरंतर मेहनत, जनसंपर्क और जनता के बीच विश्वसनीयता बनाए रखना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि राजनीति में जनधारणा की अहम भूमिका होती है। कार्यकर्ता के आचरण पर समाज की नजर रहती है, इसलिए युवाओं को अपनी छवि बेदाग रखनी चाहिए। उन्होंने 2029 के चुनावों में सफलता के लिए संगठन को मजबूत करने और जनता के बीच लगातार सक्रिय रहने का आह्वान किया।

नवीन ने अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए कहा कि यूरोप से लेकर पड़ोसी देशों बांग्लादेश और नेपाल तक युवाओं को उकसाकर अराजकता फैलाने के प्रयास देखने को मिले हैं। उन्होंने आगाह किया कि भारत में भी इस तरह की कोशिशों के प्रति सतर्क रहने की जरूरत है।

विश्वविद्यालयों में युवाओं से संवाद करेगा भाजयुमो

भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. हेमांग जोशी ने राष्ट्र प्रथम की भावना को मजबूत करने और वीआईपी संस्कृति समाप्त करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण के लिए युवा मोर्चा देश के विश्वविद्यालय परिसरों में जाकर युवाओं से सीधा संवाद करेगा। लोकतंत्र का भविष्य युवाओं की सक्रिय भागीदारी पर निर्भर है।

केंद्रीय मंत्री मनसुख मंडाविया ने शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार और खेल के क्षेत्र में केंद्र सरकार की नीतियों पर चर्चा की। उन्होंने युवा कार्यकर्ताओं से सरकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा में पद और प्रतिष्ठा से अधिक महत्व समर्पित कार्यकर्ता की भावना का है।

भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी ने संगठनात्मक समन्वय और जनसंपर्क को मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने युवाओं से प्रधानमंत्री मोदी के विकसित भारत के दृष्टिकोण को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की।

भाजयुमो की राष्ट्रीय महामंत्री अर्पिता अपराजिता बडजेना ने ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत युवा सम्मेलन, विश्वविद्यालय परिसरों में संवाद और जिला स्तरीय जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

वहीं, भाजपा के आईटी एवं सोशल मीडिया के राष्ट्रीय संयोजक दीपक म्हस्के ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के दुरुपयोग और फर्जी खबरों की चुनौती पर चर्चा की। उन्होंने युवा मोर्चा के पदाधिकारियों से सोशल मीडिया पर सतर्कता बरतने और युवाओं तक सही एवं प्रमाणिक जानकारी पहुंचाने का आग्रह किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769099 Articles

Share this story