भाजपा युवा मोर्चा की राष्ट्रीय टीम घोषित, सात उपाध्यक्ष और तीन महामंत्री नियुक्त
नई दिल्ली, 20 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की नई टीम की घोषणा की। युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और वडोदरा से सांसद हेमांग जोशी ने पदाधिकारियों के नामों की घोषणा की। नई टीम में सात राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, तीन राष्ट्रीय महामंत्री और सात राष्ट्रीय मंत्री नियुक्त किए गए हैं। इसके अलावा कोषाध्यक्ष, सह कोषाध्यक्ष और मीडिया एवं सोशल मीडिया विभागों के प्रभारियों की भी नियुक्ति की गई है। हेमांग जोशी ने विज्ञप्ति जारी कर कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के निर्देशानुसार इन पदाधिकारियों की नियुक्ति की गई है। सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।
सूची के अनुसार, जम्मू-कश्मीर की विधायक शगुन परिहार और पश्चिम बंगाल के विधायक सौमेन कार्फा को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। इनके अलावा उत्तर प्रदेश के निखिल मणि तिवारी, नगालैंड के अरविंद दामानी, तेलंगाना की मालोथ कोमली नाइक, बिहार के राजेंद्र सिंह और छत्तीसगढ़ के भूपेंद्र नाग को भी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है।
राष्ट्रीय महामंत्री के पद पर ओडिशा की अर्पिता अपराजिता बडजेना, उत्तर प्रदेश के हर्षवर्धन सिंह और आंध्र प्रदेश के मित्त वामशी कृष्णा को नियुक्त किया गया है।
राष्ट्रीय मंत्री के रूप में असम के बिस्वजीत खाउंड, मध्य प्रदेश के आशीष झाला, महाराष्ट्र की सायली रघुनाथ कुलकर्णी, राजस्थान के हिमांशु शर्मा, पंजाब के सरदार अरमानजोत बराड़, झारखंड के अमन यादव और बिहार के राहुल झा को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
उत्तर प्रदेश के विनीत वत्स त्यागी को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष और राजस्थान के देवव्रत सिंह राजावत को राष्ट्रीय सह कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
मीडिया विभाग की जिम्मेदारी बिहार के हिमांशु यादव को दी गई है। दिल्ली की शिवानी सिंह और विष्णु बसोया तथा हिमाचल प्रदेश के अतुल ठाकुर को मीडिया सह-प्रभारी बनाया गया है। वहीं, दिल्ली के अपूर्व सिंह को युवा मोर्चा का सोशल मीडिया प्रभारी और बिहार के मनवेंद्र चौहान को सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है।
भाजपा युवा मोर्चा की नई टीम में विभिन्न राज्यों के युवा नेताओं को प्रतिनिधित्व दिया गया है।
---------------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

