कोलंबिया यूनिवर्सिटी में की गई राहुल गांधी की टिप्पणियों को भाजपा ने अनर्गल बताया

WhatsApp Channel Join Now
कोलंबिया यूनिवर्सिटी में की गई राहुल गांधी की टिप्पणियों को भाजपा ने अनर्गल बताया


नई दिल्ली, 18 नवंबर (हि.स.)। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के कोलंबिया यूनिवर्सिटी में दिये गये बयान पर भारतीय जनता पार्टी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। भाजपा ने उनके बयान को अनर्गल और झूठ बताते हुए देश को शर्मसार करने वाला बताया।

भाजपा मुख्यालय में बुधवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में पार्टी प्रवक्ता गौरव भाटिया ने राहुल गांधी की कोलंबिया यूनिवर्सिटी में की गई टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि राहुल गांधी की अपरिपक्वता किसी से छिपी नहीं है लेकिन नेता प्रतिपक्ष जैसे संवैधानिक पद पर रहते हुए विदेशी धरती पर भारत के खिलाफ जहरीले बयान देना गंभीर विषय है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के ऐसे बयानों से स्पष्ट होता है कि वे भारत विरोधी सोच रखते हैं।

भाजपा प्रवक्ता ने राहुल गांधी की विदेश यात्राओं के समय पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जब भी संसद का सत्र आने वाला होता है, राहुल गांधी विदेश यात्रा पर चले जाते हैं। सवाल उठता है कि क्या वे अपने विदेशी आकाओं से मार्गदर्शन लेने जाते हैं? भाटिया ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी की हर विदेश यात्रा के पीछे भारत की मजबूत लोकतांत्रिक व्यवस्था को अस्थिर करने की मंशा दिखाई देती है।

उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे बयान देकर राहुल गांधी विदेशी निवेशकों और कंपनियों के मन में भारत को लेकर संदेह पैदा करना चाहते हैं। निवेश के मुद्दे पर राहुल गांधी के सवालों का जवाब देते हुए भाटिया ने कहा कि उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार निवेश वृद्धि दर 11.9 प्रतिशत दर्ज की गई है। इसके बावजूद राहुल गांधी भारत में निजी निवेश नहीं होने की बात कहकर देश की आर्थिक संभावनाओं पर सवाल उठाते हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत पिछले 12 वर्षों में लोकतंत्र की मजबूती, अर्थव्यवस्था की प्रगति, युवा शक्ति और वैश्विक पहचान के मामले में नई ऊंचाइयां हासिल कर रहा है। दुनिया भारत को एक मजबूत लोकतंत्र और तेजी से आगे बढ़ती अर्थव्यवस्था के रूप में देख रही है लेकिन राहुल गांधी विदेशों में जाकर देश की इस उपलब्धि को नकारात्मक रूप में पेश करने का प्रयास करते हैं।

गौरव भाटिया ने एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) के मुद्दे पर भी राहुल गांधी और कांग्रेस को घेरा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी संविधान की प्रति अपनी जेब में रखते हैं लेकिन उन्हें उसके वास्तविक प्रावधानों की जानकारी नहीं है। उन्होंने निर्वाचन आयोग की संवैधानिक शक्तियों से जुड़े अनुच्छेद 324 और जनप्रतिनिधित्व अधिनियम का अध्ययन करने की सलाह दी।

भाटिया ने कहा कि एसआईआर को लेकर भ्रम फैलाने के बजाय कांग्रेस को पहले अपने नेताओं के बयानों में एकरूपता लानी चाहिए। उन्होंने केरल के मुख्यमंत्री सतीशन के एसआईआर पर दिए गए विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि कांग्रेस के भीतर ही इस मुद्दे पर विरोधाभास दिखाई दे रहा है। भाजपा पर आरोप लगाने से पहले राहुल गांधी को अपनी ही पार्टी के नेताओं से बात करनी चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779001 Articles

Share this story