सैम पित्रोदा के बयान पर भाजपा का वार, कांग्रेस को बताया भगवान श्रीराम विरोधी

WhatsApp Channel Join Now
सैम पित्रोदा के बयान पर भाजपा का वार, कांग्रेस को बताया भगवान श्रीराम विरोधी


नई दिल्ली, 12 नवंबर (हि.स.)।

सैम पित्रोदा के 1984 के सिख नरसंहार और भगवान श्रीराम व हनुमान जी के संदर्भ में दिए गए बयान को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। राज्यसभा सांसद और भाजपा कार्यालय प्रभारी तरुण चुग ने कांग्रेस की विचारधारा पर सवाल उठाते हुए पार्टी को राम विरोधी और असंवेदनशील बताया।

चुग ने कहा कि 1984 की हिंसा केवल दंगों का मामला नहीं बल्कि भारतीय इतिहास का एक बेहद दर्दनाक अध्याय है। इस हिंसा में हजारों परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया। पीड़ित परिवार आज भी न्याय की प्रतीक्षा कर रहे हैं।

गुरुवार को एक्स पर साझा किए अपने बयान में तरुण चुग ने कहा कि राहुल गांधी के राजनीतिक मार्गदर्शक और कांग्रेस के विदेश मामलों के प्रमुख चेहरों में से एक सैम पित्रोदा ने एक बार फिर कांग्रेस की गहरी असंवेदनशीलता और वैचारिक अहंकार को उजागर किया है।

अपने हालिया इंटरव्यू में 1984 के सिख नरसंहार से जुड़े सवालों को टालते हुए पित्रोदा देश को यह कहकर आगे बढ़ने की सलाह देते हैं कि इस घटना को हुए 40 साल हो चुके हैं। इतना ही नहीं, वे यह सवाल भी उठाते हैं कि हमें भगवान श्रीराम के समय की घटनाओं पर चर्चा क्यों करनी चाहिए या हनुमान जी ने पर्वत क्यों उठाया था, इस पर बात क्यों होनी चाहिए?

इस तरह की टिप्पणियां कांग्रेस की सोच के असंवेदनशील पहलुओं को उजागर करती हैं।

उन्होंने कहा कि

1984 में भारत के 50 से अधिक शहरों में सिखों का कत्लेआम किया गया था। पुरुषों को घरों से घसीटकर बाहर निकाला गया, उनके गले में जलते हुए टायर डालकर उन्हें जिंदा जला दिया गया। महिलाओं ने अपने पति खोए, बच्चे अनाथ हुए, घर और कारोबार तबाह कर दिए गए और अनगिनत परिवारों की जिंदगी बर्बाद हो गई। आज भी कई पीढ़ियां उस दर्द और त्रासदी का बोझ उठा रही हैं।

इसके बावजूद कांग्रेस को इन पीड़ित परिवारों से यह कहने का साहस है कि अब आगे बढ़ जाइए।

2019 में पित्रोदा के कुख्यात बयान 'हुआ तो हुआ' से लेकर उनकी ताजा टिप्पणियों तक, आखिर कांग्रेस की ओर से बिना किसी शर्त के माफी कहां है? जवाबदेही कहां है? पश्चाताप कहां है?

उन्होंने कहा कि दीपावली के पावन अवसर पर भगवान श्रीराम और हनुमान जी के संदर्भ में उनकी उपेक्षापूर्ण टिप्पणी। यह पूछना कि हमें भगवान श्रीराम के समय की घटनाओं पर चर्चा क्यों करनी चाहिए, उन करोड़ों रामभक्तों की आस्था का गहरा अपमान है, जो प्रभु श्रीराम को धर्म, मर्यादा और आदर्श जीवन का प्रतीक मानते हैं।

यह वही कांग्रेस का वैचारिक तंत्र है, जिसने कानूनी चुनौतियों के माध्यम से श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के निर्माण का विरोध किया था। वहीं, वर्ष 2007 में यूपीए सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा दाखिल कर रामायण की ऐतिहासिकता पर सवाल उठाए थे।

जिस कांग्रेस के इसी वैचारिक तंत्र ने कभी प्रभु श्रीराम के ऐतिहासिक अस्तित्व पर सवाल उठाए, वही आज देश को यह ज्ञान दे रहा है कि उनकी विरासत पर चर्चा क्यों नहीं होनी चाहिए।

चाहे 1984 के जख्म हों या करोड़ों रामभक्तों की आस्था का विषय, कांग्रेस बार-बार भारत के इतिहास, विरासत और सभ्यतागत चेतना के प्रति अपनी चिंताजनक असंवेदनशीलता प्रदर्शित करती रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776048 Articles

Share this story