दिल्ली के बाजारों को ग्राहक चाहिए, राजनीतिक भीड़ नहीं, राहुल गांधी का बयान व्यापारियों के साथ क्रूर मजाक: प्रवीण खंडेलवाल

WhatsApp Channel Join Now
दिल्ली के बाजारों को ग्राहक चाहिए, राजनीतिक भीड़ नहीं, राहुल गांधी का बयान व्यापारियों के साथ क्रूर मजाक: प्रवीण खंडेलवाल


नई दिल्ली, 01 नवंबर (हि.स.)। चांदनी चौक से भाजपा सांसद एवं कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के राष्ट्रीय महामंत्री प्रवीण खंडेलवाल ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के उस बयान पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है, जिसमें उन्होंने कहा था कि इंडिया गठबंधन की रैली में आने वाले लोग दिल्ली के बाजारों में खरीदारी भी करेंगे और इससे व्यापारियों को नुकसान नहीं होगा।

रविवार को जारी एक वीडियो में प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि इस तरह के बयान देकर राहुल गांधी ने दिल्ली के व्यापारियों का मजाक बनाया है। दिल्ली के बाजारों को उपभोक्ता और ग्राहक चाहिए, राजनीतिक भीड़ नहीं। राहुल गांधी की यह टिप्पणी दिल्ली के व्यापारी समुदाय के साथ क्रूर मजाक से कम नहीं है।

उन्होंने कहा कि व्यापारी वर्ग की आजीविका कोई राजनीतिक प्रयोगशाला नहीं है, जहां पहले बाजारों के कारोबार को प्रभावित किया जाए और फिर यह कह दिया जाए कि रैली में आने वाली भीड़ खरीदारी करके नुकसान की भरपाई कर देगी। रैली में शामिल होने वाला व्यक्ति राजनीतिक उद्देश्य से आता है, खरीदारी करने के लिए नहीं।

खंडेलवाल ने कहा कि दिल्ली के व्यापारियों के हितों को राजनीतिक बयानबाजी से नहीं जोड़ा जाना चाहिए। बाजारों की वास्तविक जरूरत ग्राहकों की नियमित आवाजाही और सुचारु व्यापारिक गतिविधियां हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770420 Articles

Share this story