राहुल गांधी पर भाजपा का तीखा हमला, ट्रिक फोटोग्राफी से कोई नेता नहीं बनता

WhatsApp Channel Join Now
राहुल गांधी पर भाजपा का तीखा हमला, ट्रिक फोटोग्राफी से कोई नेता नहीं बनता


नई दिल्ली, 01 नवंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद एवं पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि ट्रिक फोटोग्राफी से कोई नेता नहीं बनता और न ही इस तरह कोई प्रधानमंत्री बन सकता है। नेतृत्व तस्वीरों और दावों से नहीं बल्कि संघर्ष और जनता के विश्वास से तैयार होता है।

भाजपा मुख्यालय में रविवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में संबित पात्रा ने कहा कि राहुल गांधी ने 2024 के लोकसभा चुनाव को अवैध बताते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद छोड़ने की मांग की है। जबकि ज्ञानेश कुमार ने फरवरी 2025 में मुख्य चुनाव आयुक्त का कार्यभार संभाला था। वह 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान इस पद पर नहीं थे।

उन्होंने सवाल उठाया कि यदि राहुल गांधी के तर्क के अनुसार 2024 के लोकसभा चुनाव अवैध थे तो उसी चुनाव के आधार पर नेता प्रतिपक्ष के रूप में उनका अपना पद भी अवैध माना जाना चाहिए। यदि चुनाव में कोई गड़बड़ी थी तो राहुल गांधी को तत्काल अदालत में याचिका दाखिल करनी चाहिए थी। उन्होंने ऐसा क्यों नहीं किया?

पात्रा ने कहा कि राहुल गांधी की परेशानी यही है कि साधारण पृष्ठभूमि से आने वाला व्यक्ति देश का प्रधानमंत्री कैसे बन गया। उन्होंने रामलीला मैदान में विपक्ष की रैली को लेकर कहा कि यदि कांग्रेस नेताओं ने वास्तव में मेहनत की होती, जनता के बीच गए होते और लोगों का विश्वास जीता होता तो क्या आज रामलीला मैदान खाली नजर आता? उन्होंने कहा कि राजनीति में नेतृत्व मेहनत, संघर्ष और जनता के समर्थन से बनता है, केवल तस्वीरों और दावों से नहीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770764 Articles

Share this story