सरकारी कर्मियों को डीए के मुद्दे पर भाजपा हमलावर, पंजाब सरकार कर्मचारियों के साथ कर रही खिलवाड़

WhatsApp Channel Join Now
सरकारी कर्मियों को डीए के मुद्दे पर भाजपा हमलावर, पंजाब सरकार कर्मचारियों के साथ कर रही खिलवाड़


नई दिल्ली, 27 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने पंजाब में सरकारी कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (डीए) के मुद्दे पर आम आदमी पार्टी (आआपा) सरकार और अरविंद केजरीवाल पर तीखा हमला बोला। उन्होंने केजरीवाल को पंजाब का सुपर सीएम बताते हुए पूछा कि तीन लाख से अधिक सरकारी कर्मचारियों का लंबित डीए आखिर कब जारी किया जाएगा।

प्रदीप भंडारी ने गुरुवार को मीडिया से बातचीत में कहा कि पंजाब में तीन लाख से ज्यादा सरकारी कर्मचारी अलग-अलग स्थानों पर धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं, जिनमें करीब 35 प्रतिशत महिलाएं हैं। उनका आरोप है कि आम आदमी पार्टी ने 18 प्रतिशत डीए देने का वादा किया था लेकिन अब तक उसे लागू नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि यदि 24 घंटे के भीतर कर्मचारियों का डीए जारी नहीं किया गया, तो यह स्पष्ट होगा कि आम आदमी पार्टी की सरकार कर्मचारियों की गरिमा और अधिकारों के साथ खिलवाड़ कर रही है।

भाजपा प्रवक्ता ने मुख्यमंत्री भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि दिल्ली की तरह पंजाब में भी जनता की बजाय सत्ता में बैठे लोगों को फायदा पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि राज्य के हर व्यक्ति पर करीब 1.23 लाख रुपये का कर्ज है और आआपा सरकार पंजाब को आर्थिक संकट की ओर धकेल रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि जैसे आआपा ने दिल्ली को लूटा था, वैसे ही ये पंजाब को लूट रहे हैं। पंजाब में 31, 370 गवर्नमेंट टीचिंग पोस्ट खाली हैं, 2424 कॉलेज और यूनिवर्सिटी में पोस्ट खाली हैं, 2952 हायर एजुकेशन की पोस्ट खाली हैं और 40 प्रतिशत से अधिक गवर्नमेंट टीचिंग ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट के अंदर पोस्ट खाली हैं। जो कर्मचारी हैं भी, उनका डीए नहीं मिल पा रहा।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Share this story