विदेशी अरबपतियों के भरोसे चल रही है राहुल गांधी की राजनीति : सिद्धार्थ यादव

WhatsApp Channel Join Now
विदेशी अरबपतियों के भरोसे चल रही है राहुल गांधी की राजनीति : सिद्धार्थ यादव


नई दिल्ली, 09 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर आरोप लगाया कि उनकी राजनीति अब विदेशी ताकतों और अरबपतियों के भरोसे चल रही है। भाजपा ने राहुल के पुराने बयानों और स्टारलिंक के मुद्दे पर कांग्रेस के रुख में बदलाव को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि भारत एक संप्रभु देश है और उसकी नीतियां देशहित को ध्यान में रखकर संसद एवं सरकार के स्तर पर तय होती हैं, न कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर।

भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया सह प्रभारी सिद्धार्थ यादव नेे शुक्रवार को यहां पत्रकारों से कहा कि राहुल गांधी कभी लंदन में भारत के लोकतंत्र को लेकर सवाल उठाते हैं, तो कभी अमेरिका में भारत के लोकतांत्रिक मामलों में हस्तक्षेप की बात करते हैं। यह बात इस बात का संकेत है कि राहुल का राजनीतिक रुख देश के भीतर की राजनीति से आगे बढ़कर विदेशी ताकतों के समर्थन पर निर्भर होता दिखाई दे रहा है।

भाजपा नेता ने स्टारलिंक के मुद्दे पर कांग्रेस के रुख में बदलाव को लेकर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि एक साल पहले तक कांग्रेस स्टारलिंक के खिलाफ बोलती थी, लेकिन अब उसके रुख में बदलाव दिखाई दे रहा है। उन्होंने राहुल से पूछा कि आखिर इतने कम समय में ऐसा क्या बदल गया, जिसके कारण कांग्रेस का रुख बदल गया?

यादव ने सवाल किया कि क्या राहुल गांधी का भारत की संस्थाओं और नीतिगत प्रक्रियाओं पर से विश्वास उठ गया है या वह राजनीतिक समर्थन और फंडिंग के लिए विदेशी अरबपतियों की ओर देख रहे हैं? उन्होंने आरोप लगाया कि विदेशी अरबपतियों के साथ सुर मिलाकर भारत की नीतियों को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है।

भाजपा नेता ने अपने बयान में राहुल के राजनीतिक व्यवहार की तुलना ऐतिहासिक शख्सियत मीर जाफर से की। उन्होंने आरोप लगाया कि विदेशी ताकतों के साथ मिलकर देश को कमजोर करने की कोशिशों की याद ऐसे बयानों से आती है।

उन्होंने कहा कि भारत एक संप्रभु राष्ट्र है और देश की नीतियां भारतीय नागरिकों के हितों के अनुरूप बनाई जानी चाहिए। सरकार को यह अधिकार है कि वह देश की जरूरतों और राष्ट्रीय हितों को ध्यान में रखकर फैसले ले। किसी भी विदेशी कारोबारी या अरबपति को भारत की नीतियों को प्रभावित करने का माध्यम नहीं बनने दिया जाना चाहिए।

यादव ने कहा कि देश की जनता उन लोगों के इरादों को समझ रही है, जो विदेशी अरबपतियों की कठपुतली बनकर भारत की नीतियों को प्रभावित करना चाहते हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि भारत के नीतिगत फैसलों में राष्ट्रीय हित सर्वोपरि होना चाहिए और विदेशी दबाव या बाहरी हितों के आधार पर देश की दिशा तय नहीं की जा सकती।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / सौरव राय

Share this story