भाजपा और संघ की बैठक में उप्र विधानसभा चुनाव की रणनीति पर मंथन, समन्वय पर जोर

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा और संघ की बैठक में उप्र विधानसभा चुनाव की रणनीति पर मंथन, समन्वय पर जोर


लखनऊ, 05 अक्टूबर (हि.स.)l आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में सोमवार को सुलतानपुर के दरियापुर के पास स्थित दुल्हन मैरिज लॉन में भाजपा और संघ की एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की गई। इस उच्च स्तरीय बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव को फतह करने की रणनीति पर घंटों गहन मंथन हुआ।

दिग्गज नेताओं की मौजूदगी में बनी रणनीति : बैठक में संघ और भाजपा के कई राष्ट्रीय व प्रांतीय स्तर के शीर्ष पदाधिकारी शामिल हुए। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ओर से सह सरकार्यवाह अरुण कुमार और क्षेत्र प्रचारक अनिल मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इनके साथ ही गोरक्ष व काशी प्रांत के प्रांत प्रचारकों ने भी बैठक में हिस्सा लिया और जमीनी फीडबैक साझा किया।

वहीं, भाजपा की तरफ से पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बी.एल. संतोष, प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह विशेष रूप से मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय पर मुख्य जोर बैठक का मुख्य एजेंडा भाजपा और संघ के कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर तालमेल और समन्वय स्थापित करना रहा।

संघ और संगठन के शीर्ष नेताओं ने इस बात पर जोर दिया कि आगामी चुनाव में जीत दर्ज करने के लिए दोनों संगठनों के कार्यकर्ताओं को जमीनी स्तर पर एकजुट होकर काम करना होगा। बैठक में सरकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने और बूथ स्तर को और अधिक मजबूत करने की रणनीति बनाई गई।

गौरतलब है कि इससे पहले भी सह सरकार्यवाह अरुण कुमार और महामंत्री संगठन बी.एल. संतोष अवध और कानपुर क्षेत्र की ऐसी ही महत्वपूर्ण समन्वय बैठकें कर चुके हैं, जिससे साफ है कि भाजपा और संघ आगामी चुनाव को लेकर पूरी तरह एक्शन मोड में हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Share this story