नितिन नवीन ने राज्यसभा के लिए भरा पर्चा, बोले- बांकीपुर की जनता के साथ आत्मीय संबंध आगे भी रहेगा जारी
पटना, 05 मार्च (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार के बांकीपुर से विधायक नितिन नवीन ने गुरुवार को राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र की जनता के साथ उनका आत्मीय संबंध आगे भी जारी रहेगा।
नामांकन के बाद नितिन नवीन ने एक्स पर भावुक संदेश पोस्ट किया। उन्होंने कहा कि आज राज्यसभा के लिए नामांकन प्रस्तुत करते हुए मन स्वाभाविक रूप से उस लंबी यात्रा को याद कर रहा है, जिसे हमने आप सबके साथ मिलकर तय किया है। उन्होंने कहा कि पटना पश्चिम (बांकीपुर) की जनता ने उन्हें हाथ पकड़कर चलना सिखाया है। पिछले दो दशक से अधिक समय से आपने जो विश्वास और स्नेह दिया है, उसी के बल पर मुझे बिहार सरकार में विभिन्न दायित्वों का निर्वहन करते हुए राज्य और समाज की सेवा करने का अवसर मिला, जिसे मैंने पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाने का प्रयास किया है।
उन्होंने कहा, चाहे श्रीरामनवमी की भव्य शोभायात्रा की तैयारियां हों, आस्था के पर्वों की व्यवस्था हो या बांकीपुर के विकास से जुड़े संकल्प, हर कदम पर मैंने स्वयं को आप सबके विश्वास का प्रतिनिधि मानकर कार्य किया है।
आज राज्यसभा के लिए नामांकन करते हुए मन में वही जिम्मेदारी और सेवा का संकल्प है।
मैं विश्वास दिलाता हूँ कि बांकीपुर की जनता के साथ मेरा यह आत्मीय संबंध आगे भी इसी विश्वास और समर्पण के साथ बना रहेगा। हम सब मिलकर विकसित बिहार के संकल्प को आगे बढ़ाते रहेंगे।
आपका विश्वास ही मेरी सबसे बड़ी शक्ति है।उल्लेखनीय है कि राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन करने वालों में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार तथा राष्ट्रीय लोक मोर्चा के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा शामिल हैं।
इस दौरान केन्द्रीय मंत्री अमित शाह भी मौजूद रहे।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

