भाजपा ने कांग्रेस की प्रस्तावित 'भारत न्याय यात्रा' को बताया नौटंकी

भाजपा ने कांग्रेस की प्रस्तावित 'भारत न्याय यात्रा' को बताया नौटंकी
WhatsApp Channel Join Now
भाजपा ने कांग्रेस की प्रस्तावित 'भारत न्याय यात्रा' को बताया नौटंकी


नई दिल्ली, 27 दिसंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस की प्रस्तावित 'भारत न्याय यात्रा' को महज नौटंकी करार दिया है। भाजपा ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि रोज नई नौटंकी पर जनता कैसे न्याय की उम्मीद कर सकती है। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी के भारत न्याय यात्रा पर कहा कि कहा कि जनता द्वारा नकारे जाने के बाद भी कांग्रेस सीख लेने को तैयार नहीं है। प्रधानमंत्री मोदी की चल रही 'विकसित भारत संकल्प यात्रा' से ध्यान भटकाने के लिए कांग्रेस भारत न्याय यात्रा चलाने जा रही है।

अनुराग ठाकुर ने बुधवार को संवाददाताओं से कहा कि जनता के नकारे जाने के बाद कांग्रेस के नेता ईवीएम पर ठीकरा फोड़ रहे हैं। यह तो जाति और क्षेत्र के नाम पर बांटने वाले लोग हैं, जोड़ने वाले नहीं। यह लोगों का ध्यान भटकाना चाहते हैं। जनता देख रही है कि देश कैसे आगे बढ़ रहा है। इसलिए देश नरेन्द्र मोदी के साथ है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार ने कोरोना से बचाव के लिए 220 करोड़ मुफ्त वैक्सीन दिए, देश के 13.5 करोड़ से ज्यादा लोगों को मात्र 5 सालों में गरीबी रेखा से बाहर निकालने का काम किया, 4 करोड़ गरीबों को पक्के आवास, 12 करोड़ शौचालय, 13 करोड़ घरों में नल का कनेक्शन, 10 करोड़ रसोई गैस सिलेंडर, अंतिम गांव तक बिजली दी है, लेकिन कांग्रेस ने 60 सालों तक लोगों को गरीबी में ढकेलने काम किया।

उधर, केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने भी इस यात्रा पर निशाना साधते हुए कहा कि राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा की लेकिन उनका लक्ष्य देश को एकजुट करना नहीं बल्कि इसे तोड़ना था। कांग्रेस ने हमेशा भारत को तोड़ने में भूमिका निभाई है। उल्लेखनीय है कि कांग्रेस ने 'भारत न्याय यात्रा' शुरू करने की घोषणा की है। 14 जनवरी को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे इस यात्रा को मणिपुर से रवाना करेंगे, जो 14 राज्यों से गुजरते हुए 20 मार्च को मुंबई में समाप्त होगी।

हिन्दुस्थान समाचार/विजयलक्ष्मी/पवन

Share this story