विदेशों में भारत को बदनाम करना बंद करें राहुल गांधी, बोलने से पहले थोड़ा पढ़ भी लिया करें : भाजपा

WhatsApp Channel Join Now
विदेशों में भारत को बदनाम करना बंद करें राहुल गांधी, बोलने से पहले थोड़ा पढ़ भी लिया करें : भाजपा


विदेशों में भारत को बदनाम करना बंद करें राहुल गांधी, बोलने से पहले थोड़ा पढ़ भी लिया करें : भाजपा


नई दिल्ली, 23 नवंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर विदेशों में भारत की छवि खराब करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उनको देश की अर्थव्यवस्था पर सवाल उठाने से पहले अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं की रिपोर्टों का अध्ययन भी कर लेना चाहिए। भाजपा ने कहा कि राहुल गांधी को पढ़ाने वाले व्यक्ति न तो तथ्यों का अध्ययन करते हैं और न ही राहुल स्वयं तथ्यों को पढ़ते हैं। ऐसे में वे विदेश जाकर किस आधार पर भारत की अर्थव्यवस्था को कमजोर बताते हैं?

भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने सोमवार को पार्टी मुख्यालय में पत्रकार वार्ता में सवाल उठाया कि क्या राहुल गांधी ने विदेशों में भारत को बदनाम करने का ठेका ले रखा है? आखिर किसके कहने पर वे देश की छवि खराब करने में लगे रहते हैं? उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को भारत की आर्थिक उपलब्धियों और अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं की रिपोर्टों से अवगत होना चाहिए।

प्रसाद ने ऑस्ट्रेलिया के प्रतिष्ठित लोवी इंस्टीट्यूट की ताजा रिपोर्ट 'एशिया पावर इंडेक्स 2026' का भी उल्लेख किया। इस रिपोर्ट में एशिया के 27 देशों की शक्ति और प्रभाव का आकलन किया गया है। रिपोर्ट के अनुसार भारत 40.5 अंक के साथ एशिया की तीसरी सबसे बड़ी शक्ति के रूप में उभरा है। भारत की आर्थिक स्थिरता, बढ़ती आर्थिक क्षमता और क्षेत्रीय प्रभाव में विस्तार को इसकी प्रमुख वजह बताया गया है। रिपोर्ट में भारत की सबसे उल्लेखनीय प्रगति भविष्य के संसाधनों के क्षेत्र में दर्ज की गई है। इसके अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बाद एशिया का दूसरा सबसे प्रभावी क्षेत्रीय नेता बताया गया है।

भाजपा नेता प्रसाद ने कहा कि ये उपलब्धियां भारत की मजबूत होती आर्थिक स्थिति और वैश्विक स्तर पर बढ़ते प्रभाव का प्रमाण हैं। उन्होंने गोल्डमैन सैक्स की रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि भारत 2027 में भी दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ने वाली प्रमुख अर्थव्यवस्था बना रहेगा और इस मामले में चीन से आगे होगा।

राहुल को देश की अर्थव्यवस्था पर निराधार सवाल उठाने के बजाय इन तथ्यों और अंतरराष्ट्रीय रिपोर्टों को भी देखना चाहिए।

राहुल गांधी के अजंता गुफा में एक तस्वीर को लेकर भाजपा और संघ पर टिप्पणी को शर्मनाक बताते हुए रविशंकर प्रसाद ने कहा कि राहुल गांधी की भाषा बेहद शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि भाजपा और संघ महिलाओं का सम्मान करते हैं। राहुल गांधी के इस बयान की भाजपा निंदा करती है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781807 Articles

Share this story