राहुल गांधी का बयान उनकी अराजक मानसिकता को दर्शाता हैः नितिन नवीन

WhatsApp Channel Join Now
राहुल गांधी का बयान उनकी अराजक मानसिकता को दर्शाता हैः नितिन नवीन


नई दिल्ली, 20 मई (हि.स.)। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों के इस्तेमाल पर भारतीय जनता पार्टी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। भाजपा ने राहुल गांधी के बयान को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए इसे उनकी हताशा करार दिया है।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बुधवार को मीडिया से बातचीत में कहा कि राहुल गांधी का बयान बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और यह उनकी अराजक मानसिकता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि भारतीय राजनीति में मर्यादा और सामाजिक सौहार्द आपसी सम्मान से जुड़े होते हैं लेकिन राहुल गांधी की टिप्पणी ने इन मूल्यों को तार-तार करने का काम किया है। उनके शब्दों में निराशा, हताशा साफ झलक रही है।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा, “लगातार चुनावी हार और उससे पैदा हुई निराशा अब राहुल गांधी के स्वभाव और व्यवहार में साफ दिखाई देने लगी है। यही हताशा उन्हें इस तरह के बयान देने के लिए प्रेरित कर रही है।”

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का बयान देश के प्रधानमंत्री का ही अपमान नहीं है बल्कि देश के 140 करोड़ लोगों का अपमान है। विपक्ष अपनी हताशा में इस तरह के आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल कर रहा है। राहुल गांधी ने अपनी पिछली गलतियों से सबक नहीं सीखा।

उत्तर प्रदेश के

रायबरेली की एक जनसभा को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के लिए कथित तौर पर `गद्दार' शब्द का इस्तेमाल किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Share this story