पंजाब की आआपा सरकार अपराधियों को दे रही संरक्षणः भाजपा

WhatsApp Channel Join Now
पंजाब की आआपा सरकार अपराधियों को दे रही संरक्षणः भाजपा


नई दिल्ली, 26 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पंजाब की आम आदमी पार्टी (आआपा) सरकार पर अपराधियों पर कार्रवाई के बजाए उनको संरक्षण देने का आरोप लगाया है। भाजपा ने कहा कि राज्य में हत्या, नशे और आत्महत्या की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। राज्य की जनता भी खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने सोमवार को पार्टी मुख्यालय में पत्रकार वार्ता में कहा कि पंजाब में गुंडाराज और जंगलराज जैसी स्थिति बन गई है। उन्होंने मोगा में दिनदहाड़े दो युवाओं की हत्या की घटना का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान की चुप्पी पर भी सवाल उठाए।

भाटिया ने कहा कि मोगा में हथियारों से लैस हमलावर बिना नंबर प्लेट वाली काली स्कॉर्पियो से पहुंचे और दो युवाओं पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। इस घटना में दोनों युवाओं की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए। उन्होंने कहा कि राज्य में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे दिनदहाड़े गोलीबारी और हत्याओं को अंजाम दे रहे हैं।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि पंजाब में लगातार हो रही आपराधिक घटनाएं राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं। उन्होंने पूछा कि मोगा की घटना में एफआईआर दर्ज हुई या नहीं, किन धाराओं में मामला दर्ज किया गया और अब तक कितने आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने सवाल किया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान ने घटना को लेकर क्या कदम उठाए हैं।

भाटिया ने आरोप लगाया कि जब पंजाब की जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करने की जिम्मेदारी निभाने का समय आता है, तब मुख्यमंत्री जवाब देने से बचते हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भगवंत मान के पास विदेशी यात्राओं और महंगी विदेशी वस्तुओं के लिए समय है, लेकिन राज्य में हो रही हत्याओं पर जवाब देने के लिए समय नहीं है।

भाटिया ने आआपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पंजाब में हत्या, नशे और आत्महत्या जैसी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। सरकार की प्राथमिकता जनता की सुरक्षा होनी चाहिए, लेकिन मौजूदा हालात में पीड़ित जनता खुद को असहाय महसूस कर रही है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767204 Articles

Share this story