सत्ता के लिए देश को आग में झोंकने की सोच रखता है विपक्ष- भाजपा

WhatsApp Channel Join Now
सत्ता के लिए देश को आग में झोंकने की सोच रखता है विपक्ष- भाजपा


नई दिल्ली, 03 नवंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों पर अराजकता फैलाने का आरोप लगाया और राहुल गांधी के ‘सत्ता परिवर्तन' संबंधी बयानों और कथित हिंसक विरोध प्रदर्शनों को लेकर भी सवाल उठाए। पार्टी का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत वैश्विक मंच पर मजबूत भूमिका निभा रहा है, जबकि विपक्ष का एक वर्ग संवैधानिक व्यवस्था और लोकतांत्रिक संस्थाओं को चुनौती देने वाली राजनीति कर रहा है।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने आज पार्टी मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में कहा कि भारतीय समाज की आस्था संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था में है। हिंसक विरोध प्रदर्शन भारतीय लोकतांत्रिक परंपरा के अनुरूप नहीं हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के नेतृत्व में विपक्ष ऐसी राजनीति कर रहा है, जिससे लोकतांत्रिक व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। ऐसी सोच देशहित और लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।

उन्होंने भाजपा के ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान का जिक्र करते हुए कहा कि इन कार्यक्रमों का उद्देश्य देश में अराजकता और हिंसक विरोध की राजनीति के खिलाफ आवाज उठाना है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने भी इस अभियान के तहत मार्च में हिस्सा लिया। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी बड़ी संख्या में लोगों के साथ मार्च निकाला।

अपने वक्तव्य के समर्थन में प्रवक्ता ने एक टीवी चैनल के स्टिंग ऑपरेशन का उल्लेख किया। उन्होंने दावा किया कि इस स्टिंग के जरिए विपक्ष से जुड़े कुछ लोगों की पर्दे के पीछे की गतिविधियों और कथित रणनीति का खुलासा हुआ है। उनके अनुसार, इन खुलासों से विपक्ष की राजनीति और उसके वास्तविक इरादों का पता चलता है।

उन्होंने कहा कि इस स्टिंग ऑपरेशन से कुछ बाते सामने आई हैं। पहला कि राहुल गांधी की पसंद का एक विध्वंसक मॉडल है और हिंसा से उन्हें कोई गुरेज नहीं है। दूसरा कि इसमें महिलाओं को आगे करने की निम्नस्तरीय, घटिया और ओछी सोच है।

भाटिया ने कहा कि भारत के नेता प्रतिपक्ष और विपक्षी दलों को आजकल अराजक और टूलकिट मॉडल का विरोध ही ज्यादा पसंद आ रहा है। सवाल है कि क्यों नहीं वे एक सकारात्मक, शांतिपूर्ण और रचनात्मक प्रदर्शन करते हैं, जो बिना हिंसा के हो, प्रशासन से अनुमति लेकर किसी निर्धारित स्थल पर हो।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सौरव राय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771512 Articles

Share this story