भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन की 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' पदयात्रा, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन की 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' पदयात्रा, सुरक्षा के कड़े इंतजाम


भागलपुर, 01 नवंबर (हि.स.)। बिहार के सिल्क सिटी भागलपुर में राजनीतिक सरगर्मी चरम पर है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन सोमवार को भागलपुर पहुंच रहे हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष का पदभार संभालने के बाद यह उनका पहला आधिकारिक भागलपुर दौरा है।

उनके आगमन और जिला भाजपा द्वारा आयोजित 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' पदयात्रा को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं में भारी उत्साह है। पूरे शहर को बड़े-बड़े होर्डिंग्स, बैनर और झंडों से पाट दिया गया है।

तय कार्यक्रम के अनुसार, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन सुबह विशेष विमान से नई दिल्ली से पूर्णिया हवाई अड्डे पहुंचेंगे। वहां से सुबह 10:05 बजे वे हेलीकॉप्टर द्वारा भागलपुर के लिए प्रस्थान करेंगे और 10:25 बजे भागलपुर हवाई अड्डे पर उनका लैंडिंग होगा। हवाई अड्डे पर पार्टी कार्यकर्ताओं और वरिष्ठ नेताओं द्वारा उनका भव्य स्वागत किया जाएगा।

इसके बाद वे कार द्वारा सड़क मार्ग से सीधे पदयात्रा के प्रारंभिक स्थल लाजपत पार्क के लिए रवाना होंगे। सुबह 11:00 बजे लाजपत पार्क मैदान से 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' पदयात्रा की शुरुआत होगी।

लगभग एक किलोमीटर लंबी यह पदयात्रा लाजपत पार्क से शुरू होकर सेवा ज्योति चौक तक जाएगी। इस 90 मिनट के कार्यक्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष कार्यकर्ताओं का नेतृत्व करेंगे और अंत में सेवा ज्योति चौक पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित भी करेंगे।

इस अभियान के तहत भाजपा नेताओं का कहना है कि विपक्ष द्वारा संवैधानिक संस्थाओं को लेकर फैलाए जा रहे भ्रम और अराजकता के खिलाफ जनता से सीधा संवाद किया जाएगा। चूंकि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को जेड कैटेगरी की सुरक्षा प्राप्त है, इसलिए उनके दौरे को लेकर प्रशासन बेहद सतर्क है।

सुरक्षा के दृष्टिकोण से प्रशासन ने कड़े इंतजाम किए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, पदयात्रा के निर्धारित रूट और उसके आस-पास की सड़कों पर 'नो व्हीकल एंट्री' लागू रहेगी। इस दौरान केवल चुनिंदा आधिकारिक और सुरक्षा वाहनों को ही प्रवेश की अनुमति होगी। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि सुबह 10:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक शहरी क्षेत्र की सड़कों पर बेमतलब निकलने से बचें। इस ऐतिहासिक पदयात्रा में बिहार सरकार के कई कैबिनेट मंत्री, भाजपा के वरिष्ठ नेता, विधायक और कोसी स्नातक क्षेत्र से नवनिर्वाचित एमएलसी डॉ. एनके यादव सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी व हजारों कार्यकर्ता शामिल होंगे।

तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे बिहार सरकार के मंत्री नीतीश मिश्रा ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्षी दलों के पास जनता के बीच उठाने के लिए कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए वे संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल खड़े कर रहे हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष संतोष कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में कार्यकर्ताओं को कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने की अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। कार्यक्रम के समापन के बाद, दोपहर 12:30 बजे नितिन नवीन सेवा ज्योति चौक से भागलपुर हवाई अड्डे के लिए रवाना होंगे, जहां से 12:45 बजे उनका हेलीकॉप्टर पूर्णिया के लिए उड़ान भरेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770550 Articles

Share this story