नितिन नवीन ने दिल्ली के इस्कॉन मंदिर में की पूजा-अर्चना

WhatsApp Channel Join Now
नितिन नवीन ने दिल्ली के इस्कॉन मंदिर में की पूजा-अर्चना


नई दिल्ली, 04 सितंबर (हि.स.)। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पूर्वी कैलाश स्थित इस्कॉन मंदिर पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन किए और पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने देशवासियों की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद नितिन नवीन ने मीडिया से बातचीत में कहा कि भगवान श्रीकृष्ण हम सभी के आराध्य हैं। वे सदैव इस राष्ट्र, इसकी सनातन परंपराओं और संस्कृति के ध्वजवाहक रहे हैं। उन्होंने अपना पूरा जीवन अधर्म के विनाश और धर्म की स्थापना के लिए समर्पित किया।

उन्होंने कहा कि हम सभी को भगवान श्रीकृष्ण के जीवन से प्रेरणा लेकर उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने प्रार्थना की कि भगवान श्रीकृष्ण की कृपा सभी भारतीयों, समस्त हिंदू समाज और सनातन परंपरा के अनुयायियों पर बनी रहे तथा देश में सदैव सुख, शांति और समृद्धि का वातावरण कायम रहे।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण के आशीर्वाद से भारत निरंतर प्रगति और वैभव के पथ पर आगे बढ़ता रहे तथा विश्व में वही गौरव प्राप्त करे, जैसा उसने अपने स्वर्णिम अतीत में किया था।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Share this story