भाजपा ने राहुल गांधी पर राष्ट्रपति को सड़क पर किए जा रहे प्रदर्शन में घसीटने की कोशिश का लगाया आरोप

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा ने राहुल गांधी पर राष्ट्रपति को सड़क पर किए जा रहे प्रदर्शन में घसीटने की कोशिश का लगाया आरोप


नई दिल्ली, 10 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति से विपक्षी नेताओं की मुलाकात को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। भाजपा ने आरोप लगाया कि राहुल ने राष्ट्रपति को उस अराजकता में खींचने की कोशिश की, जिसे वह देश की सड़कों पर फैलाना चाहते हैं।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं सांसद संबित पात्रा ने पार्टी मुख्यालय में शनिवार को पत्रकार वार्ता में कहा कि जंतर-मंतर पर जो कुछ हो रहा है, वह भारत की कहानी नहीं है। टीवी और सोशल मीडिया के कुछ हैंडल पर दिखाई जा रही तस्वीरें देश की वास्तविक स्थिति को नहीं दर्शाती हैं। भारत शांत है और सुशासन के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले कुछ दिनों से दिल्ली के एक कोने में कुछ अराजक तत्व माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन अब उनका प्रयास पूरी तरह विफल हो गया है। उन्होंने इसे अराजक तत्वों का फ्लॉप शो बताते हुए कहा कि यह पूरी तरह ध्वस्त हो चुका है। राहुल की टिप्पणी पर तंज कसते हुए संबित पात्रा ने उन्हें ‘नालायक नेता’ भी कहा।

भाजपा सांसद ने कहा कि एक दिन पहले कुछ राजनेता राष्ट्रपति भवन गए थे। वहां से बाहर आने के बाद राहुल गांधी का बयान एक गैर-जिम्मेदार नेता जैसा था। पात्रा ने आरोप लगाया कि इससे पहले कभी राष्ट्रपति को सड़क पर होने वाले विरोध-प्रदर्शन में घसीटने की कोशिश नहीं की गई, लेकिन राहुल ने ऐसा करने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि राहुल ने राष्ट्रपति को उस अराजकता से जोड़ने की कोशिश की, जिसे वह देश की सड़कों पर फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। भाजपा ने इस पूरे घटनाक्रम को संवैधानिक पद को राजनीतिक विवाद में घसीटने की कोशिश करार दिया।

पात्रा ने आरोप लगाया कि जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के जरिए भारत और राष्ट्रीय राजधानी को बंधक बनाने की कोशिश की गई। प्रदर्शन के दौरान आगजनी और हिंसा की स्थिति पैदा करने का प्रयास था, लेकिन ऐसा नहीं हो सका। उनके मुताबिक, आज भीड़तंत्र पर लोकतंत्र की जीत हुई है।

भाजपा सांसद ने कहा कि यह केवल एक दिन की घटना नहीं है। कुछ दिन पहले कांग्रेस ने बंद बुलाया था, इसके बाद प्रदर्शन हुआ और अब 12 तारीख को एक और विरोध-प्रदर्शन का आह्वान किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक निश्चित समयावधि में देश का माहौल बिगाड़ने के लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

पात्रा ने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच भी आपसी खींचतान का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि दोनों दलों के बीच प्रदर्शन का श्रेय लेने को लेकर प्रतिस्पर्धा चल रही है। भाजपा ने इसे ‘अराजकता फैलाने वालों के बीच अराजकता’ करार दिया।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Share this story