पंजाब की आआपा सरकार नशा माफिया के खिलाफ करे निर्णायक कार्रवाईः नितिन नवीन

WhatsApp Channel Join Now
पंजाब की आआपा सरकार नशा माफिया के खिलाफ करे निर्णायक कार्रवाईः नितिन नवीन


नई दिल्ली, 16 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पंजाब में बढ़ते नशे के संकट और हालिया हत्याओं को लेकर आम आदमी पार्टी (आआपा) सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाते हुए नशा माफिया के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई करने की मांग की।

नितिन नवीन ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर पोस्ट में कहा कि पंजाब में नशे का संकट चिंताजनक स्तर पर पहुंच गया है। मानसा में नशा विरोधी कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा की हत्या के महज दो दिन बाद गुरदासपुर में 40 वर्षीय बिक्रमजीत सिंह की हत्या की घटना ने राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने इन घटनाओं को आआपा सरकार में लोगों की सुरक्षा से जोड़ते हुए सरकार की जवाबदेही पर सवाल उठाए।

नितिन नवीन ने सवाल किया कि पंजाब में हालात ऐसे कैसे हो गए हैं कि नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले समाज के प्रमुख लोगों को भी अपनी जान की सुरक्षा को लेकर चिंता करनी पड़ रही है। नशे के खिलाफ संघर्ष करने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और राज्य में कानून-व्यवस्था बनाए रखना बेहद जरूरी है।

भाजपा अध्यक्ष ने पंजाब में नशा माफिया के खिलाफ सख्त और निर्णायक कार्रवाई की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि राज्य के नागरिक सुरक्षित माहौल के हकदार हैं और सरकार को उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ अपनी जिम्मेदारियों के प्रति जवाबदेह भी होना चाहिए।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / सौरव राय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

761806 Articles

Share this story