भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन चार नवंबर को आएंगे गोरखपुर, पदयात्रा में हाेंगे शामिल

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन चार नवंबर को आएंगे गोरखपुर, पदयात्रा में हाेंगे शामिल




गोरखपुर, 02 नवंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के चार और पांच नवंबर को प्रस्तावित गोरखपुर दौरे को लेकर पार्टी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत, जनसभा और ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा को सफल बनाने के लिए सोमवार को भाजपा के क्षेत्रीय कार्यालय पर बैठक की गई। इसमें पदयात्रा के मार्ग, सभा स्थल की व्यवस्थाओं और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों की समीक्षा की गई। पदाधिकारियों ने कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के लिए आपसी समन्वय के साथ जुटने का आह्वान किया।

भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधान परिषद सदस्य डॉ. धर्मेंद्र सिंह ने राष्ट्रीय अध्यक्ष के आगमन और प्रस्तावित पदयात्रा की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सभी को समन्वय, अनुशासन और पूरी प्रतिबद्धता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना चाहिए, ताकि कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।

महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज से शुरू होगी पदयात्रा

भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन चार नवंबर को पूर्वाह्न 11 बजे गोरखपुर पहुंचेंगे। इसके बाद वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के साथ महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज पहुंचेंगे। यहां जनसभा को संबोधित करेंगे। जनसभा के उपरांत ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा निकाली जाएगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी भी पदयात्रा में शामिल होंगे।

प्रबुद्ध वर्ग से संवाद करेंगे राष्ट्रीय अध्यक्ष

पदयात्रा के समापन के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन एनेक्सी भवन (सर्किट हाउस) में प्रबुद्ध वर्ग की बैठक को संबोधित करेंगे। इसके बाद शाम को जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक होगी। दिन के कार्यक्रमों के उपरांत प्रदेश कोर कमेटी की बैठक आयोजित की जाएगी। इन बैठकों में संगठनात्मक गतिविधियों, पार्टी की रणनीति और आगामी कार्यक्रमों से जुड़े विषयों पर चर्चा होगी।

पांच नवंबर को भी बैठकों का रहेगा सिलसिला

राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे के दूसरे दिन पांच नवंबर को सुबह गोरखनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन का कार्यक्रम प्रस्तावित है। इसके बाद वह एनेक्सी भवन में पूर्व प्रदेश पदाधिकारियों, पूर्व क्षेत्रीय पदाधिकारियों और पूर्व जिलाध्यक्षों के साथ बैठक करेंगे। पूर्व सांसदों, पूर्व विधायकों एवं विधान परिषद सदस्यों, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्षों तथा पूर्व नगर पालिका और नगर पंचायत अध्यक्षों के साथ अलग-अलग संगठनात्मक बैठकें होंगी। दौरे के अंतिम चरण में गोरखपुर क्षेत्र के सभी 12 सांगठनिक जिलों के प्रदेश एवं क्षेत्रीय पदाधिकारियों, जिलाध्यक्षों और जिला प्रभारियों के साथ भी बैठक होगी। इसके बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष गोरखपुर एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना होंगे।

आज हुई तैयारी बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह, क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय, क्षेत्रीय महामंत्री डॉ. सत्येंद्र सिन्हा, डॉ. बच्चा पाण्डेय नवीन, राहुल श्रीवास्तव, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष जयप्रकाश शाही सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771357 Articles

Share this story