(लीड) भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में अनुभव, युवा ऊर्जा और सामाजिक समावेश का संतुलन

WhatsApp Channel Join Now
(लीड) भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में अनुभव, युवा ऊर्जा और सामाजिक समावेश का संतुलन


(लीड) भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में अनुभव, युवा ऊर्जा और सामाजिक समावेश का संतुलन


(लीड) भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में अनुभव, युवा ऊर्जा और सामाजिक समावेश का संतुलन


नई दिल्ली, 17 अगस्त (हि.स.)।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की नई टीम में संगठनात्मक अनुभव, युवा ऊर्जा, क्षेत्रीय विविधता और सामाजिक समावेश का व्यापक संतुलन देखने को मिला है। सोमवार को जारी नई राष्ट्रीय पदाधिकारियों की सूची में देश के 23 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को प्रतिनिधित्व दिया गया है। करीब 65 सदस्यों की नई टीम में महिलाओं और पूर्वोत्तर क्षेत्र को विशेष ध्यान दिया गया है। त्रिपुरा, असम और नागालैंड से तीन क्षेत्रीय नेताओं को जिम्मेदारी दी गई है। इसके साथ ही समर्पित नॉर्थ-ईस्ट कोऑर्डिनेशन सेल को भी जारी रखा गया है, जिसकी जिम्मेदारी डॉ. संबित पात्रा संभालेंगे। उत्तर-पूर्व से युवा नेता मृगांक बर्मन को राष्ट्रीय सचिव बनाया गया है। वहीं, उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर राज्य से आठ नेताओं को जगह दी गई है। इसमें रेखा वर्मा व प्रो. तारिक मंसूर को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष तो पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी व हरीश द्विवेदी को राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया है। वहीं, डॉ. भोला सिंह व संगीता यादव को राष्ट्रीय मंत्री बनाया गया है। अमर पाल मौर्या को ओबीसी मोर्चा का अध्यक्ष और कुंवर बासित अली अल्पसंख्यक मोर्चा अध्यक्ष बनाए गए हैं।

सामाजिक प्रतिनिधित्व के लिहाज से भी नई टीम में विभिन्न वर्गों को स्थान दिया गया है। इस टीम में पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और पूर्वोत्तर से चार आदिवासी प्रतिनिधियों को शामिल किया गया है, जिनमें दो महिलाएं हैं। वहीं उत्तर प्रदेश, तमिलनाडु और मध्य प्रदेश से तीन अनुसूचित जाति प्रतिनिधियों को जगह मिली है।

राष्ट्रीय संगठन में देश के विभिन्न हिस्सों से 10 अनुभवी महिला नेताओं को शामिल किया गया है। पार्टी ने इसे वरिष्ठ संगठनात्मक भूमिकाओं में महिला भागीदारी बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।

नई टीम में विभिन्न धार्मिक समुदायों का भी प्रतिनिधित्व है। हिंदू नेताओं के साथ एक सिख, दो ईसाई, एक मुस्लिम, एक जैन और एक पारसी सदस्य को शामिल किया गया है।

अनुभवी नेताओं पर भरोसा

नई टीम में प्रशासनिक और राजनीतिक अनुभव को भी प्रमुखता दी गई है। इसमें तीन पूर्व मुख्यमंत्री—वसुंधरा राजे, तीरथ सिंह रावत और बिप्लब कुमार देब शामिल हैं। पूर्व संगठन मंत्री सुनील बंसल को दोबारा संगठन मंत्री बनाया गया है, वहीं राम माधव की टीम में वापसी हुई है उन्हें उपाध्यक्ष बनाया गया है। इसके अलावा कई पूर्व प्रदेश अध्यक्षों को भी राष्ट्रीय स्तर पर जिम्मेदारी दी गई है।

टीम में केंद्र सरकार में पूर्व अनुभव रखने वाले चार नेता और एक मौजूदा केंद्रीय मंत्री भी शामिल हैं। वहीं लोकसभा और राज्यसभा से जुड़े 18 सक्रिय जनप्रतिनिधियों को जगह दी गई है, जो विधायी अनुभव और जमीनी राजनीतिक संपर्क को राष्ट्रीय टीम में लेकर आएंगे। आंध्र प्रदेश से डी पुरंदेश्वरी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनी और तमिलनाडु के मा व्यंकटेशन को राष्ट्रीय सचिव बनाया।

विशेषज्ञता को खास जगह

भाजपा की

राष्ट्रीय टीम में राजनीतिक अनुभव के साथ विभिन्न पेशेवर क्षेत्रों की विशेषज्ञता को भी जगह मिली है। सूची में प्रोफेसर, पीएचडी धारक, डॉक्टर, इंजीनियर, चार्टर्ड अकाउंटेंट और वकील जैसे पेशेवर शामिल हैं। इनमें कैंसर स्पेशलिस्ट डॉ. मधुचंद्रा कर और कर्नाटक में प्रोफेसर एम नागराज को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। इसके अलावा जेएनयू में एबीवीपी कार्यकर्ता रहे और मौजूदा समय में दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रोफेसर डॉ. स्वदेश सिंह को राष्ट्रीय सचिव बनाया गया है। इसके साथ दिल्ली से नगर निगम मेय़र रहे जय प्रकाश को राष्ट्रीय सचिव और डीडीए के सदस्य रहे राजीव बब्बर को नॉर्थ इस्ट सह संयोजक बनाया गया है। आम आदमी पार्टी से भाजपा में आए संदीप पाठक को भी टीम में राष्ट्रीय सचिव बनाया गया है। कुल मिलाकर, नई राष्ट्रीय टीम में अनुभव और युवा ऊर्जा के साथ क्षेत्रीय, सामाजिक, महिला तथा धार्मिक प्रतिनिधित्व का संतुलन बनाने की कोशिश दिखाई देती है। पार्टी के अनुसार, इससे राष्ट्रीय संगठन को देश की अलग-अलग सामाजिक और क्षेत्रीय परिस्थितियों की बेहतर समझ के साथ काम करने में मदद मिलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Share this story