नितिन नवीन ने अमृतसर में सचखंड श्री हरिमंदर साहिब में माथा टेका

WhatsApp Channel Join Now
नितिन नवीन ने अमृतसर में सचखंड श्री हरिमंदर साहिब में माथा टेका


नितिन नवीन ने अमृतसर में सचखंड श्री हरिमंदर साहिब में माथा टेका


- ऐतिहासिक जलियांवाला बाग का भी दौरा किया

अमृतसर, 20 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने अपने तीन दिवसीय पहले पंजाब दौरे की शुरुआत शनिवार को सचखंड श्री हरिमंदर साहिब में माथा टेककर की। श्री दरबार साहिब में नतमस्तक होने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘महाराजा रणजीत सिंह ने जिस तरह पंजाब को एक विशिष्ट सुशासन की पहचान दी थी, वैसे ही हम सभी चाहते हैं कि उनके सपनों का पंजाब बनाएं।’’

नितिन नवीन ने कहा कि मुझे श्री हरिमंदर साहिब में माथा टेकने और पंजाब के लोगों की सुख-शांति तथा प्रगति के लिए प्रार्थना करने का सौभाग्य मिला है। मैं गुरु गोविंद सिंह जी के जन्म स्थान पटना साहिब से आया हूं, वह मेरी कर्मभूमि है और मैंने पूरे देश के लोगों की अमन-शांति के लिए भी प्रार्थना की है।

उन्होंने कहा कि श्री हरिमंदर साहिब के इतिहास ने पंजाब को पूरी दुनिया में एक विशिष्ट पहचान दिलाई है। मैंने उसी पंजाब के लिए प्रार्थना की है कि जैसे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पूरा देश प्रगति की राह पर आगे बढ़ रहा है, वैसे ही हमारा पंजाब भी विकास के मानकों पर आगे बढ़े और प्रगति की किरणें पंजाब के हर घर, मोहल्ले और हर गांव तक पहुंचे।

उन्होंने कहा कि मैं खुद को भाग्यशाली समझता हूं कि मुझे इस पवित्र धरती और इस पवित्र स्थान पर आने का मौका मिला। आज यहां प्रार्थना करके मेरे भीतर एक नई ऊर्जा आई है, जिस ऊर्जा के साथ मैंने पूरे देश और पूरे पंजाब की सेवा और विकास का संकल्प लिया है।

इस अवसर पर उनके साथ पंजाब भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों, पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सदस्य तरुण चुघ, पार्टी के पंजाब मामलों के सह-प्रभारी नरेंद्र रैना, संसदीय बोर्ड के सदस्य इकबाल सिंह लालपुरा, पूर्व अध्यक्ष श्वेत मलिक, राज्यसभा सांसद विक्रम साहनी, जिला अध्यक्ष हरविंदर संधू और कई अन्य वरिष्ठ पार्टी नेता उपस्थित थे।

दरबार साहिब में माथा टेकने के बाद उन्होंने ऐतिहासिक जलियांवाला बाग का भी दौरा किया और बैसाखी-1919 के नरसंहार के शहीदों को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर उनके साथ उपस्थित पार्टी नेताओं ने ‘जलियाँवाला बाग के शहीद अमर रहें’ और ‘भारत माता की जय’ जैसे नारे लगाकर शहीदों के प्रति सम्मान व्यक्त किया।

इसके बाद उन्होंने दुर्गियाना मंदिर में माथा टेककर देश की एकता और सामाजिक सौहार्द के लिए प्रार्थना की। यहाँ उन्होंने भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक विरासत और रूहानी परंपराओं के प्रति अपना सम्मान व्यक्त किया।

इसके बाद वह श्री राम तीर्थ स्थल गए और उन्होंने भगवान वाल्मीकि जी के आगे माथा टेका और भारत की महान आध्यात्मिक परंपरा में उनके योगदान को याद किया।

अमृतसर में राष्ट्रीय अध्यक्ष ने पंजाब भाजपा की कोर कमेटी के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक भी की

नितिन नबीन आज करीब 12 बजे श्री गुरु रामदास इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पहुंचे, जहां प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह, राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ, राष्ट्रीय सचिव नरेंद्र सिंह रैना, केंद्रीय रेलवे राज्य मंत्री रवनीत बिट्टू, राष्ट्रीय संसदीय बोर्ड के सदस्य इकबाल सिंह लालपुरा, पूर्व अध्यक्ष सुनील जाखड़, मनोरंजन कालिया, अविनाश राय खन्ना, अश्वनी शर्मा, विजय सांपला, श्वेत मलिक, अमृतसर जिला अध्यक्ष हरविंदर संधू सहित सैकड़ों पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।

हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

Share this story