2026 में बंगाल में भाजपा की जीत सुनिश्चित, कार्यकर्ता बने जन-जन की आवाज : नितिन नवीन

WhatsApp Channel Join Now
2026 में बंगाल में भाजपा की जीत सुनिश्चित, कार्यकर्ता बने जन-जन की आवाज : नितिन नवीन


आसनसोल, 28 जनवरी (हि. स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बुधवार को रानीगंज स्पोर्ट्स असेंबली मैदान में पश्चिम बर्दवान जिला की सात विधानसभाओं को लेकर एक महत्वपूर्ण सांगठनिक बैठक की। उन्होंने हुंकार भरते हुए कहा कि 2026 के विधानसभा चुनाव में पश्चिम बंगाल में भाजपा की जीत सुनिश्चित है। बस कार्यकर्ताओं को बूथ तक पहुंचाना होगा। उन्होंने कहा कि बंगाल की संस्कृति में क्लबों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को स्थानीय क्लबों के पदाधिकारी और सदस्यों से सीधा संपर्क साधने और जनाधार बनाने का निर्देश दिया। प्रत्येक बूथ स्तर पर महीने में चार-पांच बैठक कर कर्मसूची बनाने तथा समीक्षा करने का निर्देश दिया। साथ ही महिला मोर्चा को घर-घर जाकर महिला मतदाताओं से संवाद करने को कहा। आधुनिक दौर के प्रचार माध्यम सोशल मीडिया के अधिकतम उपयोग पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता अपने छोटे बड़े कार्य को फेसबुक और व्हाट्सएप के माध्यम से लोगों तक पहुंचाएं। पार्टी पदाधिकारी कार्यों को अपने तक सीमित न रखकर कार्यकर्ताओं के बीच बांटे, ताकि कार्य क्षमता बढ़े। उन्होंने कहा कि हमें केवल राजनीति नहीं करनी बल्कि गांव-गांव, बस्ती-बस्ती जाकर लोगों के सुख-दुख का भागीदार बनना है। जब हम जन-जन से जुड़ेंगे, तभी सत्ता परिवर्तन संभव है।

इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष अमित भट्टाचार्य, राज्य प्रभारी सुनील बंसल, बिहार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे, पार्टी के आईटी सेल के राष्ट्रीय प्रभारी अमित मालवीय, छत्तीसगढ़ के संगठन सचिव पवन सहाय, कृष्णेंदु मुखर्जी, सभापति सिंह, पवन सिंह उपस्थित रहे। ---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

Share this story