भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने एनडीए के घटक दलों के प्रदेश अध्यक्षों के साथ चुनावी रणनीति पर किया मंथन

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने एनडीए के घटक दलों के प्रदेश अध्यक्षों के साथ चुनावी रणनीति पर किया मंथन


पटना, 14 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र से उनका रिश्ता केवल जनप्रतिनिधि का नहीं बल्कि परिवार का है।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता और भाजपा कार्यकर्ताओं ने उन्हें राजनीति में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी है और अब पार्टी ने जिस विश्वास के साथ युवा कार्यकर्ता नीरज कुमार सिन्हा को उम्मीदवार बनाया है, उसी विश्वास के साथ बांकीपुर की जनता उन्हें भी भरपूर आशीर्वाद देगी।

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के दौरान मीडिया से बातचीत में नितिन नवीन ने कहा कि यह उनका एक दिवसीय प्रवास था, लेकिन क्षेत्र की जनता की अपेक्षा थी कि वे उनके बीच आएं। उन्होंने कहा कि एक कार्यकर्ता, विधायक और जनप्रतिनिधि के रूप में यह उनकी जिम्मेदारी है कि वे हर परिस्थिति में अपने क्षेत्र और अपने लोगों के साथ खड़े रहें।

उन्होंने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यहां एक साधारण कार्यकर्ता भी अपनी मेहनत और समर्पण के बल पर नेतृत्व की जिम्मेदारी तक पहुंच सकता है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने एक मंडल अध्यक्ष जैसे जमीनी कार्यकर्ता नीरज कुमार सिन्हा को उम्मीदवार बनाकर कार्यकर्ताओं के सम्मान और संगठन की कार्यकर्ता-आधारित संस्कृति को और मजबूत किया है।

नितिन नवीन ने कहा कि उनके पिता नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा ने वर्षों तक संघर्ष करते हुए बांकीपुर की सेवा की और जनता के साथ एक आत्मीय रिश्ता बनाया। उसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने भी पिछले दो दशकों तक क्षेत्र के लोगों के सुख-दुख में सहभागी बनकर सेवा करने का प्रयास किया।

उन्होंने कहा कि मैं हमेशा कहता हूं कि बांकीपुर की जनता और यहां के कार्यकर्ताओं ने ही मुझे काम करना सिखाया है। आज मैं जिस स्थान पर हूं, वहां तक पहुंचाने का श्रेय भी इसी क्षेत्र की जनता के स्नेह और आशीर्वाद को जाता है।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नीरज कुमार सिन्हा भी उसी सेवा भाव और समर्पण के साथ बांकीपुर की जनता के बीच काम करेंगे। उन्होंने कहा कि नीरज किसी बड़े राजनीतिक परिवार से नहीं, बल्कि जनसंघ काल से भाजपा की विचारधारा से जुड़े कार्यकर्ता परिवार से आते हैं और वर्षों से क्षेत्र के लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय रहे हैं।

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि पिछले 20 वर्षों में बांकीपुर में सड़क, पेयजल, बिजली, पार्क, सामुदायिक भवन और अन्य आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय विकास हुआ है। मंत्री के रूप में कार्य करने के दौरान भी उन्होंने लोगों की मूलभूत समस्याओं के समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उन्होंने कहा कि वेंडिंग ज़ोन, कम्युनिटी टॉयलेट और स्वच्छता जैसी योजनाओं पर लगातार कार्य हो रहा है। पटना नगर निगम द्वारा सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट परियोजना का सफल टेंडर शहर को स्वच्छ और आधुनिक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

नितिन नवीन ने लोगों को भरोसा देते हुए कहा कि राज्यसभा सदस्य बनने के बाद भी बांकीपुर उनके लिए हमेशा प्राथमिकता रहेगा। उन्होंने कहा कि सांसद के रूप में भी वे क्षेत्र के विकास के लिए निरंतर प्रयास करते रहेंगे। उन्होंने बांकीपुर की जनता से अपील की कि वे भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा को भारी मतों से विजयी बनाकर विकास, सेवा और सुशासन की इस यात्रा को और मजबूत करें।

उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा और एनडीए के नेतृत्व में बांकीपुर विकास के नए आयाम स्थापित करेगा तथा बिहार के सर्वांगीण विकास का एक आदर्श मॉडल बनकर उभरेगा।

इस दौरे के क्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव की तैयारियों की गहन समीक्षा की तथा एनडीए के संयुक्त चुनाव अभियान को लेकर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ विस्तृत चर्चा की। उन्होंने उपचुनाव में ऐतिहासिक जीत सुनिश्चित करने के लिए संगठन की ताकत को बूथ स्तर तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया।

इस दौरान उन्होंने एनडीए में शामिल सभी दलों के प्रदेश अध्यक्षों के साथ भी अपने आवास पर लंबी बैठक की और चुनावी रणनीतियों पर चर्चा की।

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने प्रदेश पदाधिकारियों, सभी मोर्चों एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों, शक्ति केंद्र प्रमुखों, उपप्रमुखों, बूथ अध्यक्षों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर जनसंपर्क अभियान, बूथ सशक्तिकरण और चुनावी रणनीति की समीक्षा की। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि प्रत्येक बूथ पर संगठन को और मजबूत बनाते हुए एनडीए प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा की रिकॉर्ड मतों से जीत सुनिश्चित करें।

इससे पहले सोमवार देर शाम पटना पहुंचते ही नितिन नवीन ने प्रदेश अध्यक्ष और वरिष्ठ नेताओं के साथ बांकीपुर उपचुनाव को लेकर रणनीतिक बैठक की, जिसमें प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा भी उपस्थित रहे। बैठक में चुनावी अभियान को और धारदार बनाने पर विस्तार से चर्चा हुई।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त

Share this story