कांग्रेस विकास विरोधी, पार्टी नेतृत्व जमीन लूट में शामिलः नरेन्द्र मोदी

WhatsApp Channel Join Now
कांग्रेस विकास विरोधी, पार्टी नेतृत्व जमीन लूट में शामिलः नरेन्द्र मोदी


डिब्रूगढ़, 06 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को कांग्रेस को विकास विरोधी और पार्टी नेतृत्व को सबसे भ्रष्ट बताया। उन्होंने नेशनल हेराल्ड के माध्यम से गांधी परिवार पर प्रमुख शहरों में जमीन हड़पने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पार्टी वोट बैंक के चलते विकास के नाम पर सड़कों, रेलवे और उद्योगों के लिए दी जा रही जमीन का विरोध कर रही है।

असम के डिब्रूगढ़ में मोदी ने चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस जमीन लूट का मुद्दा उठा रही है। कांग्रेस ऐसा घुसपैठियों को कवर देने के लिए कर रही है। उन्होंने कहा, “आज कांग्रेस को जमीन की याद इसलिए आई, क्योंकि उनके घुसपैठिया वोटबैंक से जमीन छीनी जा रही है। जमीन पर बवाल के पीछे सबसे बड़ी वजह यही है। ये घुसपैठियों को कवर देने का कांग्रेस का गेम प्लान है।”

भाजपा के वरिष्ठ नेता ने कहा कि काजीरंगा जैसी हमारी शान की जमीन किसानों और आदिवासियों की जमीन कांग्रेस ने घुसपैठियों को दे दी थी। उनकी पार्टी की सरकार ने ऐसी लाखों बीघा जमीन से घुसपैठियों को बाहर खदेड़ दिया है और यही दुख कांग्रेस को खाए जा रहा है।

उन्होंने कहा कि विकास को लेकर कांग्रेस की सोच उनके चुनाव प्रचार से भी पता चलती है। पार्टी नेता कह रहे हैं कि भाजपा-राजग की सरकार ने सड़कों, रेलवे और उद्योगों के लिए जमीनें दी। इसका अर्थ यह है कि कांग्रेस असम की जनता, किसानों की सुविधा, नौजवानों के रोजगार के लिए दी गई जमीन का विरोध कर रही है। अगर कांग्रेस ने अपने समय विकास के लिए जमीन दी होती तो असम की इतनी पीढ़ियों को परेशानी न झेलनी पड़ती। प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि चाय-बगान की बहनों के पहनावे और उनकी संस्कृति को बदनाम कर रही है। कांग्रेस ने चाय बागान की बहनों के साथ उनकी बातचीत को लेकर भी गंदगी फैलाई है। कांग्रेस के लोग एआई से झूठी तस्वीरें बना रहे हैं।

मोदी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व ही असल में जमीन लूट में शामिल है। कांग्रेस का ‘प्रथम परिवार’ व्यापक रूप से देश का सबसे भ्रष्ट परिवार माना जाता है। उन पर ‘नेशनल हेराल्ड घोटाले’ के ज़रिए दिल्ली और मुंबई जैसे बड़े शहरों में ज़मीन पर कब्ज़ा करने का आरोप है और इस मामले में अदालती मुकदमे अभी भी चल रहे हैं। इसके अलावा ‘राजीव गांधी चैरिटेबल ट्रस्ट’ पर भी औद्योगिक उद्देश्यों के लिए दी गई ज़मीन हासिल करने के आरोप है।

उन्होंने कहा, “कांग्रेस का जो तथाकथित शाही परिवार है, वो देश का सबसे भ्रष्ट परिवार है, असली ‘लैंड एटीएम’ तो वो है। इन लोगों पर दिल्ली और मुंबई जैसे शहरों में नेशनल हेराल्ड घोटाला करके हजारों करोड़ रुपये की जमीन हड़पने का आरोप है, इसको लेकर अदालत में केस चल रहे हैं।”

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा

Share this story