दिल्ली के महापौर चुनाव से पहले भाजपा की बैठक में स्वाति मालीवाल सहित सभी सांसद रहे मौजूद

WhatsApp Channel Join Now
दिल्ली के महापौर चुनाव से पहले भाजपा की बैठक में स्वाति मालीवाल सहित सभी सांसद रहे मौजूद


नई दिल्ली, 28 अप्रैल (हि.स.)। दिल्ली नगर निगम के बुधवार को होने वाले महापौर, उपमहापौर के साथ ही स्थाई समिति के 3 सदस्यों के चुनावों के मद्देनजर मंगलवार को दिल्ली भाजपा कार्यालय में बैठक हुई। दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा की अध्यक्षता में हुई बैठक में मौजूद सभी निगम पार्षदों एवं सांसदों को चुनाव में वोट डालने की पद्धति पर प्रशिक्षण दिया गया और रणनीति तैयार की गई।

इस बैठक में केंद्रीय राज्यमंत्री हर्ष मल्होत्रा, सांसद मनोज तिवारी, योगेन्द्र चांदोलिया एवं कमलजीत सहरावत, प्रदेश महामंत्री विष्णु मित्तल के आलावा राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल भी प्रदेश कार्यालय पहुंचे। जहां उनका स्वागत किया गया।

उल्लेखनीय है कि महापौर एवं उपमहापौर चुनाव में भाजपा की ओर से प्रवेश वाही एवं मोनिका पंत प्रत्याशी हैं। नेता सदन जयभगवान यादव एवं स्थाई समिति के लिए मनीष चड्ढा प्रत्याशी हैं। वहीं, आम आदमी पार्टी के चुनाव से हटने के बाद कांग्रेस ने हाजी जरीफ को उम्मीदवार बनाया है।

महापौर चुनाव के लिए कुल 273 वोट हैं, जिनमें 249 पार्षद, दिल्ली विधानसभा द्वारा मनोनीत 14 विधायक, सात लोकसभा सदस्य और दिल्ली से तीन राज्यसभा सदस्य शामिल हैं, जो महापौर का फैसला करेंगे। चुनाव जीतने के लिए उम्मीदवार को 137 वोटों की आवश्यकता होगी।

मौजूदा स्थिति के अनुसार भाजपा के पास 143 वोटों का समर्थन है। जिसमें 123 पार्षद, सात लोकसभा एवं दो राज्यसभा सदस्य और 11 विधायक शामिल हैं। आम आदमी पार्टी के पास 105 वोट हैं, जिनमें 100 पार्षद, तीन विधायक और दो राज्यसभा सदस्य हैं। आम आदमी पार्टी से अलग होकर बनी इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी के पास 15 पार्षद हैं। कांग्रेस के पास 9 पार्षद हैं।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Share this story