भाजपा ने आठ भाषाओं में जारी की केन्द्र सरकार की उपलब्धियों पर आधारित फिल्म

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा ने आठ भाषाओं में जारी की केन्द्र सरकार की उपलब्धियों पर आधारित फिल्म


नई दिल्ली, 6 फरवरी (हि.स.)। लोकसभा चुनाव 2024 की घोषणा से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोशल मीडिया पर चुनाव अभियान शुरू कर दिया है।

मंगलवार को भाजपा ने अपने सोशल मीडिया मंच से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यकाल की उपलब्धियों की गारंटी पर फिल्म जारी की है। सपने नहीं हकीकत बुनते हैं, तभी तो सब मोदी को चुनते हैं अभियान पर बनी फिल्म को आठ भारतीय भाषाओं में लांच किया गया है। इस फिल्म को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ऑफिशियल हैंडल से एक्स प्लेटफॉर्म पर भी शेयर किया गया है। इसके साथ भाजपा कार्यकर्ताओं, नेताओं के साथ कैबिनेट मंत्रियों ने भी इसे शेयर किया है।

भाजपा के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल्स से आठ भाषाओं में पीएम मुद्रा योजना पर आधारित एक फिल्म जारी की गई। यह फिल्म तमिल, तेलुगु, मलयालम, कन्नड़, असमिया, उड़िया, बंगाली और हिंदी में जारी की गई है।

सपने नहीं हम हकीकत बुनते हैं, तभी तो हम मोदी को चुनते हैं ...टैग लाइन से बनी फिल्म में मुद्रा योजना के तहत 44 करोड़ से ज्यादा कोलेटरल फ्री लोन दिए गए हैं, जिससे करोड़ों लघु उद्यमी सशक्त हुए हैं। इनमें से 70 फीसदी लाभार्थी महिलाएं हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/ विजयलक्ष्मी/दधिबल

Share this story