इंडी गठबंधन की बैठक पर भाजपा का तंज, कहा- कमजोर पड़ चुकी है जमीन, आने वाले समय में कार में होगी बैठक

WhatsApp Channel Join Now
इंडी गठबंधन की बैठक पर भाजपा का तंज, कहा- कमजोर पड़ चुकी है जमीन, आने वाले समय में कार में होगी बैठक


नई दिल्ली, 08 जून (हि.स.)। इंडी गठबंधन की बैठक को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने तंज कसते हुए कहा कि इस गठबंधन की राजनीतिक जमीन कमजोर पड़ चुकी है। सोमवार को भाजपा मुख्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में सांसद डॉ. संबित पात्रा ने कहा कि ये इनकी बैठक नहीं बल्कि इंडी गठबंधन वालों का एक ड्रामा चल रहा है।

ये हर तीसरे महीने एक चुनाव हारेंगे और हर दूसरे महीने में इनकी बैठक होगी।

राहुल गांधी ने चुनाव हारने का शतक लगाया है, लेकिन आज ऐसे हंस रहे थे जैसे बहुत बड़ा दुर्ग फतह करके आए हैं।

संबित पात्रा ने कि यह गठबंधन हर दो महीने में बैठक करने की योजना बना रहा है। पहले इंडी गठबंधन की बैठकें बड़े स्तर पर, जैसे कि बेंगलुरु के स्टेडियम में होती थीं, जहां सभी नेता एकजुट होकर हाथ पकड़कर खड़े होते थे। अब ये बैठकें सिमटकर केवल एक कमरे तक रह गई हैं, जैसे कि कॉन्स्टिच्युशन क्लब ऑफ इंडिया में और अब इनमें पहले जैसा जनसमर्थन या भीड़ नहीं दिखती। “तीसरी या चौथी बैठक तक मुझे लगता है कि ये बैठकें किसी कार के अंदर होने लगेंगी।”

संबित पात्रा ने चुटकी लेते हुए कहा कि बैठक में अखिलेश यादव भी पहुंचे थे, जब उन्होंने ममता बनर्जी को देखा होगा, तो शायद यह सोच रहे होंगे कि “कुछ ही समय में मेरी भी वही हालत होने वाली है।”

उन्होंने आगे कहा कि जहां भी राहुल गांधी मौजूद होते हैं, वहां किसी का राजनीतिक भविष्य सुरक्षित नहीं रहता।

संबित पात्रा ने कहा कि तमिलनाडु में कांग्रेस ने तुरंत जाकर एक अन्य दल के साथ गठबंधन किया। सरकार बनाई, जबकि पश्चिम बंगाल में हार के बाद विपक्ष अब सवाल उठा रहा है और एसआईआर का रोना रो रहा है। एसआईआर तो तमिलनाडु में भी हुआ, केरल में भी हुआ, लेकिन सरकार बना ली, लेकिन जब बंगाल में हार गए तो एसआईआर को कोस रहे हैं, एसआईआर का रोना रो रहे हैं। हिंदुस्तान की जनता देख रही है।

अगर सही मायने में कुछ चोरी हुआ है तो इंडी गठबंधन वालों का वजूद चोरी हुआ है।

राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों की जमीन पर पकड़ कमजोर हो गई है और जनता ने उन्हें समर्थन नहीं दिया क्योंकि उनकी विश्वसनीयता खत्म हो चुकी है। इंडी गठबंधन की यह बैठक “राजनीतिक पाखंड” है। उन्होंने कहा कि विपक्ष सर्वदलीय बैठक की मांग करते हैं। लेकिन पिछली बार जब नारी सशक्तिकरण के लिए सर्वदलीय बैठक बुलाई गई थी तो इनमें से कोई पॉलिटिकल पार्टी नहीं आई थी, सब नदारत थे। लेकिन ये प्रेस कॉन्फ्रेंस करके सर्वदलीय बैठक की मांग कर रहे हैं।

जनता ने इन्हें पूरी तरह से इन-एक्टिव कर दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Share this story