भाजपा ने संघ स्थापना दिवस पर स्वयंसेवकों को दी शुभकामनाएं, जनसंघ से भाजपा तक की यात्रा को बताया गौरवशाली

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा ने संघ स्थापना दिवस पर स्वयंसेवकों को दी शुभकामनाएं, जनसंघ से भाजपा तक की यात्रा को बताया गौरवशाली


नई दिल्ली, 21 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्थापना दिवस के अवसर पर सभी स्वयंसेवकों को शुभकामनाएं दीं। बुधवार को उन्होंने एक्स पर साझा किए अपने संदेश में कहा कि ‘राष्ट्र प्रथम’ के ध्येय को सर्वोपरि रखते हुए संघ के स्वयंसेवक समाज को संगठित करने और भारत को परम वैभव तक पहुंचाने के लिए पूर्ण निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य कर रहे हैं।

नवीन ने कहा कि देशभर में स्वयंसेवकों द्वारा किए जा रहे सेवा कार्य समाज में सेवा, सहयोग और सामाजिक उत्तरदायित्व के मूल्यों को मजबूत कर रहे हैं। सेवा, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति की यह गौरवशाली परंपरा आने वाली पीढ़ियों में राष्ट्रसेवा और निःस्वार्थ समर्पण की भावना को सशक्त करेगी तथा राष्ट्र निर्माण के संकल्प को नई ऊर्जा प्रदान करेगी।

उल्लेखनीय है कि 21 अक्टूबर 1951 को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारतीय जनसंघ की स्थापना हुई थी, जो एक ऐसे दौर में शुरू हुई जब देश विभाजन की त्रासदियों और विस्थापितों की समस्याओं से जूझ रहा था। “एक देश में दो विधान, दो निशान और दो प्रधान नहीं चलेंगे” की दृढ़ हुंकार के साथ कश्मीर में परमिट सिस्टम के विरोध में डॉ. मुखर्जी ने ऐतिहासिक आंदोलन छेड़ा और देश की एकता के लिए अपने प्राणों का बलिदान दे दिया।

डॉ. मुखर्जी के बाद पंडित दीनदयाल उपाध्याय, अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी और नानाजी देशमुख जैसे महान नेताओं ने संगठन को एकात्म मानववाद और राष्ट्रवाद की नई शक्ति दी। 1975 के आपातकाल के कठिन दिनों में जनसंघ ने लोकतंत्र की रक्षा के लिए अग्रणी भूमिका निभाई और 1980 में जनता पार्टी के विघटन के बाद भारतीय जनता पार्टी का गठन हुआ।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में, साल 2019 में अनुच्छेद 370 को हमेशा के लिए हटाकर डॉ. मुखर्जी के सपनों को पूर्ण किया गया। ‘राष्ट्र प्रथम’, ‘अंत्योदय’ और ‘एकात्म मानववाद’ के सिद्धांतों पर आधारित यह 75 वर्षों की लंबी और गौरवशाली यात्रा आज गरीब कल्याण, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास और हर घर जल जैसी योजनाओं के जरिए हर नागरिक के जीवन में उजाला फैला रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764180 Articles

Share this story