राष्ट्रीय हथकरघा दिवस पर भाजपा ने ‘वोकल फॉर लोकल’ को बढ़ावा देने की अपील
नई दिल्ली, 07 अगस्त (हि.स.)। राष्ट्रीय हथकरघा दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी ने देश के बुनकरों के योगदान को याद किया। शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष नितिन नवीन ने एक वीडियो सन्देश में कहा कि हथकरघा बुनकर भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक कला को पीढ़ी-दर-पीढ़ी आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। साथ ही, यह क्षेत्र लाखों लोगों की आजीविका से जुड़ा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्रीय हथकरघा विकास कार्यक्रम के जरिए बुनकरों को समर्थन दिया जा रहा है। स्वदेशी आंदोलन की भावना भी देश में स्थानीय उत्पादों को अपनाने के लिए प्रेरित करती है। लोगों से अपील की गई कि वे रोजमर्रा की जिंदगी में हथकरघा उत्पादों को अपनाएं और भारत की विविध हथकरघा परंपराओं को दुनिया तक पहुंचाने में योगदान दें।
उन्होंने कहा कि ‘वोकल फॉर लोकल’ की भावना को मजबूत करने और भारतीय बुनकरों के कौशल को सम्मान देने पर जोर दिया गया। उन्होंने संदेश में कहा कि हथकरघा को बढ़ावा देना आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

