संत रविदास के सामाजिक समरसता के संदेश को देशभर में पहुंचाना चाहती है भाजपाः लाल सिंह आर्य

WhatsApp Channel Join Now
संत रविदास के सामाजिक समरसता के संदेश को देशभर में पहुंचाना चाहती है भाजपाः लाल सिंह आर्य


नई दिल्ली, 16 नवंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) संत रविदास की 650वीं जयंती को राष्ट्रीय स्तर पर वर्षभर मनाएगी। इसको लेकर काशी से तीन बड़े अभियान पहले ही शुरू भी कर दिए गए हैं। पार्टी इसके माध्यम से उनके जीवन-दर्शन और सामाजिक समरसता के संदेश को देश के हर हिस्से तक पहुंचाना चाहती है।

भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लाल सिंह आर्य ने सोमवार को पार्टी मुख्यालय में मीडिया को बताया कि संत रविदास की 650वीं जयंती को भव्य स्तर पर मनाने का निर्णय लिया गया है। इसके तहत देशभर में सालभर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि आजादी के बाद बीते 78 वर्षों में संत रविदास की 600वीं और 625वीं जयंती आई, लेकिन उस समय उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर याद करने के लिए कोई विशेष पहल नहीं की गई। भाजपा संत रविदास के विचारों, सामाजिक समरसता और उनके संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से उनकी 650वीं जयंती को पूरे वर्ष उत्सव के रूप में मना रही है।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष 29 जुलाई 2026 को गुरु पूर्णिमा के अवसर पर काशी से इस अभियान की शुरुआत की गई थी। काशी से पांच चरणों में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में से तीन प्रमुख कार्यक्रमों का शुभारंभ गुरु पूर्णिमा के दिन ही किया गया। संत रविदास की जयंती के उपलक्ष्य में काशी से तीन प्रमुख कार्यक्रम शुरू किए गए। पहला कलश वंदन यात्रा- इस अभियान के तहत 131 कलश देश के विभिन्न राज्यों और उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में भेजे गए। इसके माध्यम से संत रविदास के संदेश और उनके प्रति श्रद्धा को व्यापक स्तर पर पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

दूसरा समरस संत सम्मान, समरस संकल्प दीप महोत्सव के माध्यम से संत परंपरा के सम्मान और सामाजिक समरसता के संदेश को आगे बढ़ाने की पहल की गई है। तीसरा संत संपर्क अभियान के माध्यम से संत समाज और विभिन्न धार्मिक-सामाजिक संगठनों से संपर्क स्थापित कर संत रविदास के विचारों और उनके योगदान को व्यापक जनसमुदाय तक पहुंचाने की योजना है।

भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ने कहा कि पार्टी का उद्देश्य संत रविदास के जीवन, दर्शन और सामाजिक समरसता के संदेश को देश के हर हिस्से तक पहुंचाना है। उनकी 650वीं जयंती के अवसर पर आयोजित होने वाले सालभर के कार्यक्रमों के जरिए संत रविदास जी के विचारों को नई पीढ़ी से जोड़ने और समाज में समानता, सद्भाव तथा समरसता की भावना को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / सौरव राय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777956 Articles

Share this story