भाजपा ने गांधी-वाड्रा परिवार पर जमीन कब्जाने के लगाए आरोप

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा ने गांधी-वाड्रा परिवार पर जमीन कब्जाने के लगाए आरोप


नई दिल्ली, 02 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा, रॉबर्ट वाड्रा और गांधी-वाड्रा परिवार पर जमीन कब्जाने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने दावा किया कि रॉबर्ट वाड्रा के खिलाफ भूमि से जुड़े कई मामलों की जांच प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) सहित विभिन्न एजेंसियां कर रही हैं और कई मामले अलग-अलग अदालतों में लंबित हैं।

भंडारी ने गुरुवार को पार्टी मुख्यालय में मीडिया से बातचीत में आरोप लगाया कि गांधी-वाड्रा परिवार का असली काम राजनीति करना या बिजनेस करना नहीं, बल्कि लोगों की जमीनों को हड़पना है। उत्तराखंड में चार एकड़ की भूमि है, खान फॉर्म एस्टेट नाम से, जो किच्छा, उधमसिंह नगर में आती है। इस भूमि की ओरिजिनल लैंड डीड कुल्सुम खान के नाम से है। यहां उनकी बहन 90 वर्षीय नसरीन खान रहती हैं। गांधी-वाड्रा परिवार जो खुद को मुस्लिमों का हितैषी बताता है, लेकिन भूमि किसी की नहीं छोड़ता।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि नसरीन खान ने आरोप लगाया कि वह 90 वर्षीय मुस्लिम महिला हैं और कांग्रेस के कुछ लोग वाड्रा परिवार के लिए उनके खेत पर कब्जा दिलाने की कोशिश कर रहे थे। भंडारी ने दावा किया कि महिला ने कहा, वे मेरे खेत पर वाड्रा परिवार के लिए कब्जा कराने आए थे।

भंडारी ने आरोप लगाया कि तथाकथित गांधी-वाड्रा मॉडल के तहत आम लोगों की जमीन पर कब्जा कर संपत्ति अर्जित की गई। यदि किसी बुजुर्ग महिला के आरोप सही हैं तो यह बेहद गंभीर मामला है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने संबंधित एजेंसियों से मामले की गहन जांच करने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग भी की।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Share this story