मल्लिकार्जुन खरगे के खिलाफ मुख्य चुनाव आयुक्त से शिकायत, भाजपा का एक दल जाएगा चुनाव आयोग
नई दिल्ली, 21 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को मुख्य निर्वाचन आयुक्त से कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के खिलाफ लिखित शिकायत की है। भाजपा ने कहा है कि खरगे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आतंकवादी कहा है, जो कि आदर्श आचार संहिता का खुला उल्लंघन है। इस पर तत्काल कार्रवाई की जाए। इसको लेकर भाजपा का एक प्रतिनिधिमंडल बुधवार को मुख्य चुनाव आयुक्त से इस मुद्दे पर मिलने भी जाएगा।
भाजपा की ओर से केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू, पार्टी महासचिव अरुण सिंह और ओम पाठक ने चुनाव आयोग को पत्र लिखा है। पत्र में कहा गया है कि खरगे ने तमिलनाडु में एक सभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आतंकवादी कहा है, इससे चुनावी माहौल खराब होने की काफी संभावना है। तमिलनाडु वर्तमान में आदर्श आचार संहिता के अंतर्गत है, जो 2026 के विधानसभा चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के बाद लागू हुई थी। आदर्श आचार संहिता यह निर्धारित करती है और अनिवार्य करती है कि चुनावी प्रचार की भाषा कानूनी और सभ्य सीमाओं के भीतर रहे। आलोचना मुद्दों पर आधारित हो, न कि अपमानजनक व्यक्तिगत निंदा में बदल जाए। इसलिए विवादित टिप्पणी आपत्तिजनक है, इस पर कार्रवाई हो।
पत्र में लिखा है कि इस तरह के बयानबाजी भावनाओं को भड़काती है और स्वतंत्र तथा निष्पक्ष चुनावों को कमजोर करती है। यह एक गंभीर आरोप है जो व्यक्तिगत चरित्र और आचरण पर सीधा प्रहार करता है। यह चुनाव में 'अनुचित प्रभाव' डालता है, जो धारा 174 के तहत दंडनीय है। सार्वजनिक जीवन में आतंकवादी का लेबल सबसे गंभीर आरोपों में से एक है और यह स्पष्ट रूप से प्रतिष्ठा को नुकसान पहुँचाने वाला है। इसलिए इस पर तत्काल संज्ञान लें।
भाजपा ने मुख्य चुनाव आयुक्त से मांग की है कि खरगे को निर्देश दे कि वे सार्वजनिक रूप से माफी मांगें और अपना बयान वापस लें। उन पर उचित दंडात्मक कार्यवाही शुरू करे। विवादित बयान को चुनाव प्रचार सामग्री और डिजिटल प्रचार में आगे और न फैलाने का तत्काल निर्देश दे। मीडिया और सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म को निर्देश दे कि वे इसे हटा दें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

