नितिन नवीन कल दिल्ली में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा का नेतृत्व करेंगे

WhatsApp Channel Join Now
नितिन नवीन कल दिल्ली में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा का नेतृत्व करेंगे


नई दिल्ली, 27 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन बुधवार, 28 अक्टूबर को दिल्ली के चांदनी चौक में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा का नेतृत्व करेंगे। इसमें मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, दिल्ली भाजपा अध्यक्ष, सांसद, विधायक एवं पार्टी के कई प्रमुख नेताओं के शामिल होने की संभावना है।

भाजपा की यह प्रस्तावित पदयात्रा कांग्रेस समेत इंडी गठबंधन के नेतृत्व में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) पर रोक लगाने को लेकर किये जा रहे विरोध-प्रदर्शन के जवाब के रूप में देखा जा रहा है।

भाजपा के अनुसार इस पदयात्रा के जरिए पार्टी का उद्देश्य लोकतंत्र, चुनावी प्रक्रिया और राजनीतिक विरोध से जुड़े मुद्दों पर अपना पक्ष जनता के सामने रखना है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष के नेतृत्व में होने वाली इस पदयात्रा से दिल्ली में पार्टी के अभियान को संगठनात्मक स्तर पर मजबूती देने का प्रयास भी किया जाएगा।

पार्टी का यह कदम ऐसे समय में सामने आया है, जब एसआईआर और चुनावी प्रक्रिया को लेकर सत्तापक्ष तथा विपक्ष के बीच राजनीतिक बयानबाजी जारी है। चांदनी चौक में होने वाली इस पदयात्रा के जरिए पार्टी इस बहस में अपना पक्ष प्रमुखता से रखने की कोशिश करेगी।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / सौरव राय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775104 Articles

Share this story