भाजपा ने ब्रिक्स डिनर के शाकाहारी मेन्यू पर कांग्रेस की आलोचना को शर्मनाक बताया

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा ने ब्रिक्स डिनर के शाकाहारी मेन्यू पर कांग्रेस की आलोचना को शर्मनाक बताया


नई दिल्ली, 14 सितंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान आयोजित रात्रिभोज के शाकाहारी मेन्यू को लेकर कांग्रेस की आलोचना को शर्मनाक और हास्यास्पद बताया है।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं राज्यसभा सदस्य डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने मीडिया से बातचीत के दौरान कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि ब्रिक्स जैसे महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन की उपलब्धियों के बजाय विपक्ष का पूरा ध्यान खाने के मेन्यू पर है।

डॉ. त्रिवेदी ने कहा कि भारत के लिए इतनी महत्वपूर्ण कूटनीतिक उपलब्धि के बावजूद कांग्रेस ने अपनी टिप्पणी को केवल डिनर के मेन्यू तक सीमित रखा। यह न केवल हास्यास्पद और दुर्भाग्यपूर्ण है, बल्कि ऐसा लगता है जैसे किसी शादी में नाराज़ फूफा हों। इतने महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय मंच के कूटनीतिक, रणनीतिक या आर्थिक पहलुओं पर टिप्पणी करने के बजाय उन्होंने भोजन पर टिप्पणी करना चुना। यह स्पष्ट रूप से दिखाता है कि ब्रिक्स सम्मेलन को लेकर उनके पास कोई ठोस आलोचना या सार्थक टिप्पणी नहीं है।

त्रिवेदी ने कहा कि संपन्न ब्रिक्स शिखर सम्मेलन इस बात का शानदार उदाहरण है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बदलती विश्व व्यवस्था के बीच भारत वैश्विक मंच पर एक सकारात्मक और प्रभावशाली शक्ति के रूप में उभर रहा है। सऊदी अरब और ईरान जैसे लंबे समय से आपसी संघर्ष वाले देश भी इस शिखर सम्मेलन में मौजूद थे, फिर भी दिल्ली घोषणा-पत्र को सर्वसम्मति से स्वीकार किया गया। घोषणा-पत्र में आतंकवाद के मुद्दे को स्पष्ट रूप से उठाया गया और इस बात पर जोर दिया गया कि आतंकवाद को किसी धर्म से नहीं जोड़ा जाना चाहिए। इसमें पहलगाम का भी विशेष रूप से उल्लेख किया गया और चीन ने भी इसका समर्थन करते हुए सहमति जताई। यह भारत की कूटनीतिक क्षमता का शानदार उदाहरण है। ऐसी उपलब्धि पर हर भारतीय को गर्व होना चाहिए।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Share this story