जेएनयू मामले में कांग्रेस सांसद के खिलाफ लोकसभा अध्यक्ष से मिला भाजपा प्रतिनिधिमंडल

WhatsApp Channel Join Now
जेएनयू मामले में कांग्रेस सांसद के खिलाफ लोकसभा अध्यक्ष से मिला भाजपा प्रतिनिधिमंडल


नई दिल्ली, 15 अक्टूबर (हि.स.)। भाजपा की महिला सांसदों का एक प्रतिनिधिमंडल गुरुवार को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मिला और उन्हें जेएनयू में कथित यौन उत्पीड़न मामले में आरोपित कांग्रेस सांसद बिमोल अकोइजम के संबंध में ज्ञापन सौंपा।

भारतीय जनता पार्टी सांसद बांसुरी स्वराज के अनुसार लोकसभा अध्यक्ष के साथ हुई उनकी बातचीत सार्थक रही। प्रतिनिधिमंडल ने महिला सुरक्षा, शिकायतों की गंभीरता और इस मामले में उचित संस्थागत कार्रवाई की आवश्यकता पर अपना पक्ष रखा।

उन्होंने बताया कि भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद रूपकुमारी चौधरी के नेतृत्व में पार्टी की महिला सांसदों ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने इस मामले को उनके समक्ष उठाते हुए ज्ञापन सौंपा और आवश्यक कार्रवाई की मांग की।

भाजपा कांग्रेस नेतृत्व की महिला सुरक्षा के मुद्दे पर प्रतिबद्धता को लेकर सवाल खड़े कर रही है। प्रतिनिधिमंडल में शामिल महिला सांसदों ने अध्यक्ष से मुलाकात के बाद पार्टी मुख्यालय में पत्रकार की।

बांसुरी स्वराज ने आरोप लगाया कि महिलाओं के अधिकारों की बात करने वाली कांग्रेस को ऐसे मामलों में भी स्पष्ट रुख अपनाना चाहिए और अपने नेताओं से जुड़े आरोपों पर जवाबदेही सुनिश्चित करनी चाहिए।

स्वराज ने कहा कि कांग्रेस पार्टी महिलाओं का शोषण करने वालों के पक्ष में खड़ी होती रही है। उन्होंने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे और सोनिया गांधी की चुप्पी पर भी सवाल उठाए। बांसुरी स्वराज ने कहा कि बिमोल अकोइजाम पर 11 छात्राओं के यौन उत्पीड़न के आरोप लगे थे। उनके मुताबिक, जेएनयू की आंतरिक समिति ने छात्राओं की ओर से की गई शिकायतों को सही पाया और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आरोपों की पुष्टि की। इसके बाद 9 अक्टूबर 2026 को अकोइजाम को जेएनयू में उनके पद से निष्कासित कर दिया गया।

भाजपा सांसद ने कहा कि इस पूरे मामले पर कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व की चुप्पी बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने सवाल किया कि महिला अधिकारों और सुरक्षा की बात करने वाले राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, सोनिया गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे इस मामले पर अपनी प्रतिक्रिया क्यों नहीं दे रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि भाजपा महिला सांसदों के प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी अपील की थी। वहीं, एक दिन पहले प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर से मुलाकात कर मामले पर चर्चा की थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सौरव राय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

761132 Articles

Share this story