भाजपा ने दिल्ली की आआपा सरकार पर वित्तीय कुप्रबंधन का लगाया आरोप 

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा ने दिल्ली की आआपा सरकार पर वित्तीय कुप्रबंधन का लगाया आरोप 


नई दिल्ली, 4 जनवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी ने एक बार फिर दिल्ली की आम आदमी पार्टी (आआपा) की सरकार पर निशाना साधा है। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने शनिवार को पार्टी मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस में आआपा सरकार पर वित्तीय कुप्रबंधन का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि एक दिन पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी कहा था कि दिल्ली में गंभीर आपदा आई हुई है। दिल्ली की आर्थिक स्थिति कमजोर होती जा रही है। दिल्ली लगातार घाटे में जा रही है। केंद्र सरकार से जो सहायता मिलती है उस पर निर्भरता लगातार बढ़ती जा रही है। आज केंद्र सरकार से मिलने वाला फंड 3 गुना से अधिक हो गया है।

डॉ. त्रिवेदी ने कहा कि दिल्ली में आपदाओं की तो एक शृंखला है, जो 10 वर्षों से यहां की जनता झेल रही है लेकिन आज हम एक गंभीर विषय पर हम अपना पक्ष रखेंगे और प्रतिदिन एक आपदा के बारे में बताएंगे। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय लघु बचत कोष इसमें शामिल है। उन्होंने इस बार 10,000 करोड़ रुपये के ऋण के लिए आवेदन किया है, लेकिन यह इतना आसान नहीं है। 2016-17 में, उन्होंने 2,896 करोड़ रुपये उधार लिए और पिछले तीन वर्षों में यह राशि बढ़कर 11,000 करोड़ रुपये हो गई। अब, सिर्फ़ इस एक साल में उन्होंने 10,000 करोड़ का ऋण लेने के लिए आवेदन किया है। इससे पता चलता है कि उन्होंने दिल्ली के खजाने को कैसे लूटा और खाली किया है। 2015-16 में दिल्ली का राजस्व 1.5 प्रतिशत था यानी कि जो व्यय था उसके दृष्टि से सही था। आज ये माइनस में चल गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Share this story