पश्चिम बंगाल में छह महीने में पांचवां 'एनकाउंटर', पुलिस की थ्योरी पर विपक्ष ने उठाए सवाल; मुख्यमंत्री बोले- गुंडों के लिए कोई जगह नहीं

WhatsApp Channel Join Now
पश्चिम बंगाल में छह महीने में पांचवां 'एनकाउंटर', पुलिस की थ्योरी पर विपक्ष ने उठाए सवाल; मुख्यमंत्री बोले- गुंडों के लिए कोई जगह नहीं


कोलकाता, 16 नवंबर (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के नानूर में रविवार को एक और पुलिस 'एनकाउंटर' का मामला सामने आया। पुलिस कांस्टेबल पर गोली चलाने वाले आरोपित रतन शेख को पुलिस ने एक मुठभेड़ में मार गिराया। राज्य में नई सरकार के गठन के पिछले छह महीनों में यह पांचवां एनकाउंटर है। पुलिस के अनुसार, जब आरोपित को एक परित्यक्त ईंट भट्ठे पर हथियार बरामदगी के लिए ले जाया गया, तो उसने अचानक पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसके बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसकी मौत हो गई। हालांकि, पुलिस की इस 'एनकाउंटर थ्योरी' को लेकर विपक्षी दलों ने गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए टीएमसी विधायक कुणाल घोष ने अपराधी को सख्त सजा देने की मांग का समर्थन तो किया, लेकिन पुलिस की एनकाउंटर प्रक्रिया पर संदेह जताया। उन्होंने कहा, अपराधी को निश्चित रूप से कड़ी सजा मिलनी चाहिए, लेकिन सजा न्यायपालिका को देनी चाहिए। इसके बजाय बार-बार यह सुनना कि आरोपित भागने की कोशिश कर रहा था या उसने पुलिस पर हमला किया, कहीं न कहीं पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है। उन्होंने चिंता जताई कि अगर न्यायिक प्रक्रिया को दरकिनार कर ऐसे एनकाउंटर होते रहे, तो भविष्य में इसके दुरुपयोग की आशंका बढ़ जाएगी।

सीपीआई (एम) नेता सुजन चक्रवर्ती ने भी इस प्रवृत्ति को खतरनाक बताया। उन्होंने कहा कि हत्या या पुलिस पर हमले का समर्थन नहीं किया जा सकता, लेकिन न्याय व्यवस्था को नजरअंदाज करना भी सही नहीं है। उन्होंने चेताया, अगर सरकार अदालत के बाहर न्याय करने की जिम्मेदारी खुद ले ले, तो यह बेहद खतरनाक चलन होगा। आज जो लोग इसका समर्थन कर रहे हैं, कल वे खुद भी इसका शिकार हो सकते हैं।

वहीं, कांग्रेस प्रवक्ता सुमन रायचौधरी ने कहा कि पुलिस को पारदर्शी जांच कर अपराधियों को अदालत में पेश करना चाहिए। उन्होंने कहा, आंकड़े बताते हैं कि जिन राज्यों में भाजपा सत्ता में है, वहां एनकाउंटर आम बात हो गई है। हम बंगाल को 'एनकाउंटर स्टेट' नहीं बनाना चाहते।

विपक्ष के तमाम सवालों और आलोचनाओं के बीच मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने पुलिस की कार्रवाई का पुरजोर बचाव किया। एनकाउंटर पर स्पष्ट रुख अपनाते हुए उन्होंने कहा, बंगाल में बलात्कारियों और हत्यारों के लिए कोई जगह नहीं है। अगर कोई पुलिस पर गोली चलाएगा, तो पुलिस उसे बताशा (मिठाई) तो नहीं खिलाएगी? गुंडे या तो बांग्लादेश भाग जाएं, या फिर यहां रहेंगे तो हम उनके साथ वही करेंगे जो उनके साथ होना चाहिए।

उल्लेखनीय है कि सत्ता में आने से पहले भी शुभेंदु अधिकारी ने चेतावनी दी थी कि अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ त्वरित कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, कांस्टेबल पर गोली चलाने के आरोपित रतन को रविवार को पूर्वी बर्दवान के नबाबहाट इलाके से गिरफ्तार किया गया था। हालांकि, पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की थी। सूत्रों का दावा है कि पूछताछ के दौरान रतन ने अपना गुनाह कबूल कर लिया और हथियार छिपाने की जगह भी बता दी। रविवार शाम जब पुलिस उसे लेकर नानूर के ईंट भट्ठे पर हथियार बरामद करने गई, तो उसने कथित तौर पर वहां छिपाए गए हथियार से पुलिस वाहन पर गोली चला दी। 'आत्मरक्षा' में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें रतन गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत नानूर स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम के लिए शव को बोलपुर अस्पताल भेज दिया गया है।

गौरतलब है कि रतन शेख बीरभूम के सांवता गांव का निवासी था और इलाके का एक कुख्यात अपराधी था। उस पर अवैध हथियार रखने और मादक पदार्थों की तस्करी सहित कई मामले दर्ज थे। हाल ही में वह एक मामले में जमानत पर बाहर आया था, जिसके बाद पुलिस उसे दूसरे मामले में गिरफ्तार करने गई थी, तभी उसने कांस्टेबल पर फायरिंग कर दी थी। इस घटना से पहले राज्य में बारुईपुर, गाईघाटा, समशेरगंज और रायगंज में भी पुलिस एनकाउंटर हो चुके हैं।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777748 Articles

Share this story