लोकसभा में महिला आरक्षण और परिसीमन संबंधी विधेयक 30 नवंबर को पेश के लिए सूचीबद्ध

WhatsApp Channel Join Now
लोकसभा में महिला आरक्षण और परिसीमन संबंधी विधेयक 30 नवंबर को पेश के लिए सूचीबद्ध


नई दिल्ली, 28 नवंबर (हि.स.)। लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को एक-तिहाई आरक्षण देने और परिसीमन की प्रक्रिया से जुड़े हुए तीन महत्वपूर्ण विधेयक संसद के निचले सदन में सोमवार, 30 नवंबर को विचार करने और पारित कराने के लिए सूचीबद्ध किए गए हैं।

लोकसभा कार्यवाही की शनिवार को जारी सूची के मुताबिक केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह केंद्र शासित विधियां (संशोधन) विधेयक, 2026 को वापस लेने का प्रस्ताव पेश रखेंगे और फिर इसकी जगह पर नये विधेयक पेश करेंगे। वहीं, संविधान संशोधन से जुड़े दोनों विधेयक कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल पेश करेंगे।

संसद के इस विशेष सत्र की बैठकें सोमवार 30 नवंबर से 03 दिसंबर तक निर्धारित हैं, जिसमें राज्यसभा की बैठक 02 दिसंबर से शुरू होगी। संसद की इस विशेष बैठक के दौरान प्रश्नकाल और शून्यकाल नहीं होगा।

केंद्र सरकार ने लोकसभा और राज्यों के विधानसभाओं में महिलाओं के लिए एक-तिहाई आरक्षण लागू करने के उद्देश्य से सदनों की सदस्य संख्या में 50 फीसदी तक वृद्धि करने का प्रस्ताव किया है। इसके तहत लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या बढ़ाकर 850 और राज्य विधानसभाओं की अधिकतम सदस्य संख्या 650 करने का प्रावधान है।

प्रस्ताव के अनुसार, नए परिसीमन के बाद निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं और सीटों के आवंटन को वर्ष 2051 तक यथावत रखा जाएगा। केंद्र सरकार का लक्ष्य 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले महिला आरक्षण लागू करना है। इस उद्देश्य से संसद के विशेष सत्र में तीन विधेयक पेश किए जाने की तैयारी है।

लोकसभा में पेश होने वाले महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े इस संविधान (131वां संशोधन) विधेयक, 2026 के तहत परिसीमन आयोग के गठन से संबंधित प्रावधान किए जाएंगे। वहीं, संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026 में निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं के पुनर्निर्धारण का प्रावधान होगा। इसके अलावा केंद्र शासित प्रदेशों से संबंधित कानूनों में जरूरी बदलाव करने के लिए एक अलग विधेयक भी पेश किया जाएगा।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784996 Articles

Share this story