मुरैना में रिक्शे से टकराकर सड़क पर गिरे बाइक सवार, ट्रक ने कुचला, देवर-भाभी और 2 बच्चाें की माैत
मुरैना, 17 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में नेशनल हाईवे-44 पर नूराबाद थाना क्षेत्र में जेके टायर फैक्ट्री के पास गुरुवार को दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। हादसे में बाइक सवार देवर-भाभी और दो बच्चों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बाइक पहले सड़क किनारे खड़े कचरा ढोने वाले रिक्शे से टकराई। टक्कर के बाद चारों सड़क पर जा गिरे और इसी दौरान पीछे से आए ट्रक की चपेट में आ गए।
नूराबाद थाना प्रभारी एसआई सौरभ पुरी के अनुसार, बाइक सवार ग्वालियर की ओर से आ रहे थे। जेके टायर फैक्ट्री के पास सड़क पर कचरा ढोने वाला रिक्शा खड़ा था। बाइक उससे टकराने के बाद अनियंत्रित हो गई और उस पर सवार चारों लोग सड़क पर गिर गए। इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में सूरज कुशवाह (18) पुत्र दीवान कुशवाहा, निवासी बासी, नीरज कुशवाह (20) पत्नी अजय कुशवाहा, निवासी भोना का पूरा, लोहगढ़, श्रीकांत कुशवाह (10) पुत्र श्रीचंद्र कुशवाह (नीरज का भाई) और राजकुमारी (8) पुत्री बलबीर कुशवाह (नीरज की भतीजी) की माैत हाे गई। सूचना मिलने पर नूराबाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने चारों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, हादसे की परिस्थितियों और ट्रक की भूमिका की जांच की जा रही है। घटनास्थल से संबंधित साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

