बिहार में सहरसा जिले के सिमरी-बख्तियारपुर रेलवे स्टेशन पर पैसेंजर ट्रेन में लगी आग, कोई हताहत नहीं

WhatsApp Channel Join Now

पटना, 03 जुलाई (हि.स.)। बिहार के समस्तीपुर रेल मंडल अन्तर्गत सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 2 पर आज तड़के लगभग 3:25 बजे समस्तीपुर-सहरसा पैसेंजर ट्रेन (63344) में अचानक आग लग गई। इस घटना में कोई भी हताहत नहीं हुआ।

सिमरी बख्तियारपुर के स्टेशन मास्टर संजय कुमार सज्जन ने बताया कि 3 बजकर 22 मिनट पर उन्हें जानकारी मिली कि प्लेटफार्म नंबर दो पर खड़ी मेमू पैसेंजर ट्रेन मे आग लग गई है। फौरन फायर ब्रिगेड की टीम को सूचना दी गई। इसके बाद सहरसा मानसी रेलखंड पर करीब 3 घंटे तक कई ट्रेनों का परिचालन बाधित रहा। मनिहारी जयनगर जानकी एक्सप्रेस, सहरसा समस्तीपुर पैसेंजर ट्रेन, सावन स्पेशल ट्रेन ( सरायगढ़ - देवघर) और पूर्णिया- हटिया कोसी एक्सप्रेस ट्रेन का परिचालन बाधित रहा।

उन्होंने बताया कि स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने करीब ढाई घंटे की कोशिश के बाद आग पर काबू पाया। सुबह 6 बजे के बाद सिमरी बख्तियारपुर रेलवे स्टेशन पर रेल यातायात सामान्य हो गया।

उन्होंने बताया कि आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। तकनीकी जांच की जाएगी, जिससे वास्तविक वजह का पता लगाया जा सके। तीनों बोगियों को हुए नुकसान का भी आकलन किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी

Share this story